मोदी के मुंबई कार्यक्रम से 2 घंटे पहले संदिग्ध पकड़े:PMO अफसर बनकर पहुंचा था, साथ में हथियारबंद गार्ड; फर्जी ID कार्ड मिला
मुंबई में पीएम मोदी की रैली से करीब दो घंटे पहले पुलिस ने 2 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। BKC स्थित नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर में PMO का अफसर बनकर पहुंचे 24 साल के युवक के साथ रिवाल्वर लिए गार्ड भी था। दोनों को हिरासत में लेकर मुंबई क्राइम ब्रांच जांच कर रही है। पीएम मोदी शाम को करीब 5.45 बजे ग्लोबल फिनटेक फेस्ट (GFF) 2026 का उद्घाटन करेंगे। ग्लोबल फिनटेक फेस्ट का सातवां संस्करण 8 से 11 सितंबर तक मुंबई में आयोजित किया जा रहा है। फर्जी ID दिखाकर खुद को PMO अधिकारी बताया पुलिस के अनुसार, संदिग्ध युवक की पहचान रोहन पारेख (24) के रूप में हुई है। वह NMACC परिसर में खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय का वरिष्ठ अधिकारी बताकर घूम रहा था। उसके व्यवहार और गतिविधियों पर सुरक्षा अधिकारियों को संदेह हुआ। पीएम के कार्यक्रम को देखते हुए इलाके में पहले से ही विशेष सुरक्षा समूह (SPG) और मुंबई पुलिस की कड़ी तैनाती थी। सुरक्षा जांच के दौरान पुलिस ने रोहन को रोका और उससे पूछताछ की। पूछताछ में रोहन ने अपनी पहचान साबित करने के लिए PMO का पहचान पत्र दिखाया। पुलिस ने जब इसकी जांच की तो पता चला कि यह पहचान पत्र फर्जी था। बॉडीगार्ड के पास मिली लोडेड पिस्टल रोहन के साथ उसका निजी बॉडीगार्ड भी मौजूद था। तलाशी लेने पर अंगरक्षक के पास से भरी हुई पिस्तौल*बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।