वॉर्म-अप मैच में पडिक्कल का शतक, भारत का स्कोर-357/6:जडेजा ने फिफ्टी लगाई; गुरनूर ने दूसरे दिन के आखिरी ओवर में 4 छक्के जमाए
कोलंबो में खेले जा रहे तीन दिवसीय वॉर्म-अप मैच के दूसरे दिन भारत ने 357/6 रन बनाए। टीम अभी भी श्रीलंका-XI के पहली पारी के स्कोर से 6 रन पीछे है। शनिवार को देवदत्त पडिक्कल 142 रन बनाकर नाबाद लौटे। उनके साथ गुरनूर बरार ने 18 गेंद में 36 रन की तेज पारी खेली। इससे पहले रवींद्र जडेजा ने 63 रन और मानव सुथार ने 41 रन बनाए। यशस्वी शून्य पर आउट भारत की शुरुआत खराब रही और यशस्वी जायसवाल बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद कप्तान केएल राहुल और देवदत्त पडिक्कल ने पारी संभाली। राहुल 40 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन पडिक्कल एक छोर पर टिके रहे। उन्होंने 164 गेंद में 142 रन बनाए और दिन का खेल खत्म होने तक नाबाद रहे। राहुल-पडिक्कल ने संभाली पारी पहले ही ओवर में यशस्वी के आउट होने के बाद भारत दबाव में था। इसके बाद केएल राहुल और देवदत्त पडिक्कल ने दूसरे विकेट के लिए 96 रन जोड़कर पारी संभाली। राहुल ने 67 गेंद में 40 रन बनाए। जडेजा की फिफ्टी, बीच में चोट के कारण लौटे राहुल के आउट होने के बाद पडिक्कल को रवींद्र जडेजा का साथ मिला। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 76 रन की साझेदारी की। जडेजा ने 117 गेंद में 63 रन बनाए, लेकिन इसके बाद रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर चले गए। पंत-जुरेल नहीं चले, सुथार के 40 रन ऋषभ पंत (2) और ध्रुव जुरेल (1) बड़ी पारी नहीं खेल सके। ऐसे समय में मानव सुथार ने 90 गेंद में 41 रन बनाकर पडिक्कल का अच्छा साथ दिया। दोनों ने छठे विकेट के लिए 76 रन जोड़े। बाद में सुथार LBW आउट हुए, जबकि मोहम्मद सिराज भी जल्द पवेलियन लौट गए। आखिरी ओवरों में गुरनूर ने 4 छक्के लगाए दिन के आखिरी सेशन में गुरनूर बरार ने तेज बल्लेबाजी की। उन्होंने सिर्फ 18 गेंद में 36 रन बनाए, जिसमें 2 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। आखिरी ओवर में उन्होंने चार छक्कों समेत 25 रन बटोरकर भारत को श्रीलंका-XI के स्कोर के बेहद करीब पहुंचा दिया। श्रीलंका-XI ने पहले दिन बनाए थे 363 रन पहले दिन श्रीलंका क्रिकेट इलेवन ने 90 ओवर में 8 विकेट पर 363 रन बनाकर पारी घोषित की थी। रविंदु रसान्था (71), निशान मदुश्का (66) और कप्तान सोनल दिनुशा (52) ने अर्धशतक लगाए। भारत की ओर से रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव और मानव सुथार ने दो-दो विकेट लिए, जबकि गुरनूर बरार को एक सफलता मिली। चोट के कारण नहीं खेले कप्तान गिल भारतीय टेस्ट कप्तान शुभमन गिल इस मुकाबले के पहले दिन नहीं उतरे। BCCI के मुताबिक, गुरुवार के अभ्यास सत्र में उनके दाएं हाथ की उंगली में चोट लग गई थी। एहतियात के तौर पर उन्हें आराम दिया गया और उनकी जगह केएल राहुल ने टीम की कप्तानी संभाली। तैयारियों के लिए अहम है वॉर्म-अप मैच तीन दिन का यह वॉर्म-अप मैच भारत के लिए काफी अहम है। टेस्ट की सीरीज से पहले खिलाड़ियों को श्रीलंका की परिस्थितियों और स्पिन के अनुकूल ढलने का मौका मिलेगा। भारत ने अपना पिछला टेस्ट जून में खेला था। भारत फिलहाल वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है। फाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए श्रीलंका के खिलाफ यह सीरीज टीम के लिए काफी अहम मानी जा रही है। ————————
स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें…
5 हजार इंटरनेशनल मैचों वाला पहला फॉर्मेट बना वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में पहली बार किसी फॉर्मेट में 5 हजार मैच पूरे हो गए हैं। यह उपलब्धि हासिल हुई वनडे को। जिस स्कॉटलैंड में अभी कॉमनवेल्थ गेम्स हुए हैं वहीं 5000वां वनडे मैच भी खेला गया। शुक्रवार को स्कॉटलैंड और कनाडा के बीच हुए इस मुकाबले को स्कॉटलैंड ने 9 रन से जीत लिया। पूरी खबर…