भागवत के न्यूयॉर्क कार्यक्रम से पहले HAF का सुरक्षा अलर्ट:RSS प्रोग्राम का विरोध करने वाले मेयर ममदानी से कहा- सभी की सुरक्षा सुनिश्चित करें
RSS प्रमुख मोहन भागवत के 29 अगस्त को न्यूयॉर्क के मेडिसन स्क्वायर गार्डन में होने वाले यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशन कार्यक्रम से पहले हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन (HAF) ने सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। संगठन ने कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों से सतर्क रहने, आसपास की गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी तरह के टकराव से बचने की अपील की है। दरअसल, भागवत के कार्यक्रम का न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी समेत कुछ संगठनों ने विरोध किया है। इसको लेकर HAF ने न्यूयॉर्क के मेयर ममदानी से भागवत के कार्यक्रम में शामिल लोगों समेत सभी न्यूयॉर्कवासियों की सुरक्षा और नागरिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है। HAF ने इमरजेंसी नंबर जारी किया HAF ने आरोप लगाया कि हिंदू-अमेरिकियों को निशाना बनाने वाले कुछ एक्टिविस्ट कार्यक्रम को बाधित करने और रद्द कराने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, HAF की एडवाइजरी में किसी आतंकी या हिंसक खतरे की पुष्टि नहीं की गई है। HAF ने कार्यक्रम में आने वालों को विरोध करने वालों से टकराव से बचने और किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी सुरक्षा अधिकारियों या कानून प्रवर्तन एजेंसियों को देने की सलाह दी है। इमरजेंसी में 911 पर कॉल करने को भी कहा गया है। ममदानी समेत इन संगठनों ने जताया विरोध न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान मामदानी ने भागवत के कार्यक्रम का विरोध किया है। मंगलवार को उन्होंने कहा था कि वह इस कार्यक्रम का समर्थन नहीं करते। बांटने वाली विचारधारा का विरोध करता हूं। भागवत के कार्यक्रम को लेकर कुछ इंटरफेथ और नागरिक अधिकार संगठनों ने भी विरोध जताया है। इनमें हिंदूज फॉर ह्यूमन राइट्स, इंडियन अमेरिकन मुस्लिम काउंसिल और इंटरफेथ सेंटर ऑफ न्यूयॉर्क जैसे संगठन शामिल हैं। खबर को लगातार अपडेट किया जा रहा है।