राजस्थान में आंधी-बारिश के बीच गर्मी भी जारी है। शनिवार सुबह जयपुर, सीकर सहित कई जिलों में बारिश हुई। जयपुर में बारिश के साथ आए अंधड़ से कई इलाकों में पेड़ भी गिर गए। मौसम केंद्र जयपुर ने आज 16 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। मई के पहले 15 दिन मौसम में बदलाव का दौर जारी रहेगा। शुक्रवार शाम को भी अजमेर, जयपुर, नागौर के कई इलाकों में हल्की बरसात हुई थी। बाड़मेर में सबसे गर्म शहर रहा। यहां तापमान 44 डिग्री के ऊपर पहुंच गया। राज्य के अधिकांश शहरों में पारा 40 डिग्री के करीब ही रहा। गर्मी से जुड़े बड़े अपडेट्स… जयपुर में दिन में अंधेरा छाया: शनिवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे राजधानी में तेज बारिश हुई। तेज हवा के साथ हुई बरसात से गर्मी से राहत मिली है। घने बादल छाने के कारण रोशनी काफी कम हो गई। सीकर जिले के फतेहपुर में सुबह तेज बरसात ने लू और गर्मी का असर कम कर दिया। टोंक और दौसा जिले में भी रुक-रुककर बरसात हो रही है। पहले 15 दिन गर्मी से रहेगी राहत: मौसम केन्द्र निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि मई के शुरुआती दो हफ्तों में लगातार आंधी-बारिश का दौर चलेगा। सामान्यत: मई में 5 से 6 दिन आंधी-बारिश होती है, लेकिन इस बार 10 से 12 दिन दोपहर बाद मौसम अचानक बदलने के आसार हैं। तापमान सामान्य से 1 से 2 डिग्री कम रह सकता है। तेज गर्मी के बाद आंधी: पिछले 24 घंटे में राज्य में सबसे ज्यादा गर्मी बाड़मेर में रही, जहां का अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। बाड़मेर में दिनभर धूप रही, लेकिन शाम को हल्के बादल छाए और कुछ स्थानों पर धूलभरी हवा चली। बाड़मेर के अलावा बीकानेर में भी तेज गर्मी रही, यहां अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। अब देखिए- राजस्थान के मौसम से जुड़ी PHOTOS….
