मई का महीना इस बार अपनी परंपरागत भीषण तपिश के साथ-साथ बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी का अनूठा संगम दिखाएगा। मई में पारा 42 से 45 डिग्री के बीच रहने की संभावना है लेकिन सामान्य से अधिक आंधी और बारिश की गतिविधियां गर्मी के तेवरों को बीच-बीच में नरम भी करेंगी। इसलिए इस बार मई तपिश के साथ राहत देगा। बंगाल की खाड़ी से उठने वाली पूर्वी हवाएं इस बार राजस्थान में अधिक प्रभावी रहेंगी। जिससे थंडरस्टॉर्म (अंधड़ और गरज-चमक) के हालात बनेंगे। तापमान सामान्य रहने के बावजूद आंधी-बारिश की अधिकता के कारण बिजली तंत्र और नगर निगम के प्रबंधों पर दबाव बढ़ेगा। अमूमन गर्मी में मई का महीना अहम होता है। जून में प्री-मानसून की गतिविधियां शुरू हो जाती हैं। इसलिए मई में लगातार तपिश होती है। तापमान 48 डिग्री तक जाता है। मगर इस साल तपिश बढ़ेगी और उसके पीछे आंधी और बूंदाबांदी उस पर पानी फेर देंगी। इसलिए ऐसा नहीं कि लू नहीं चलेगी। एक-दो दिन जैसे ही लू चली वैसे ही आंधी और बूंदाबांदी मिजाज बदल देगी। पहले सप्ताह में ही आंधी बारिश होने की संभावना है। दूसरे सप्ताह में भी आंधी बारिश आएगी। तीसरे में भी ऐसे ही हालात रहेंगे। चौथा सप्ताह अमूमन ज्यादा गर्म रह सकता है। पहला सप्ताह: दोपहर बाद धूलभरी आंधी और बौछारें
मई के पहले सात दिनों में पूर्वी हवाओं का असर सबसे ज्यादा दिखेगा। दोपहर तक सूरज की किरणें चुभन पैदा करेंगी लेकिन दोपहर बाद अचानक आसमान में धूल का गुबार उठेगा। बंगाल की खाड़ी की नमी के कारण आंधी के साथ हल्की बारिश (मेघगर्जन) की प्रबल संभावना है। यह स्थिति पारे को 43 डिग्री से ऊपर जाने से रोकेगी दूसरा सप्ताह: लू की आहट और बढ़ती उमस
दूसरे सप्ताह में हवाओं का रुख बदलने से तापमान में इजाफा होगा। इस दौरान राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों में लू चलने के आसार हैं। हालांकि स्थानीय स्तर पर वायुदाब कम होने से आंधी-बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। इससे लगातार होने वाली लू से राहत मिलेगी। तीसरा सप्ताह: थंडरस्टॉर्म से रुक-रुक कर होगी तपिश
महीने के मध्य में मौसम का मिजाज सबसे ज्यादा अनिश्चित रहेगा। लू चलने के बावजूद लगातार तपिश नहीं टिक पाएगी। थंडरस्टॉर्म के हालात रहने से एक दिन भीषण गर्मी होगी तो अगले ही दिन आंधी और बारिश से पारा 4-5 डिग्री नीचे गिर जाएगा। इधर… शुक्रवार को गर्मी का डबल अटैक
मई के पहले दिन शहर गर्मी के डबल अटैक की चपेट में रहा; दिन में सूरज आग उगल रहा है। रात का पारा भी सुकून छीन रहा है। शुक्रवार सुबह से ही फिजाओं में घुली तपिश और लू के थपेड़ों ने राहगीरों को झुलसा दिया। 4 मई को पश्चिमी विक्षोभ से कुछ राहत की उम्मीद है। बीती रात बीकानेर का न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक है। वहीं, पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री रहा, जिसके आज 44 डिग्री तक पहुँचने की आशंका है।
