अजमेर में इकलौते बेटे के सुसाइड मामले में कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आदर्श नगर निवासी 56 वर्षीय महिला ने अपनी पुत्रवधू और उसके परिवार पर बेटे को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर सुसाइड के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। मामले की जांच आदर्श नगर थाना पुलिस कर रही है। पीड़िता के अनुसार, उनके बेटे की शादी 29 जून 2020 को हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पत्नी और उसका परिवार उसे मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान करते थे। आए दिन विवाद होते थे और उसे परिवार से अलग रहने के लिए दबाव बनाया जाता था, जिसके चलते वह लंबे समय से डिप्रेशन में था। महिला ने बताया कि उनके बेटे के दो छोटे बच्चे हैं और हाल ही में दिसंबर 2025 में आयोजित पारिवारिक कार्यक्रम में भी पत्नी और उसके परिजन शामिल नहीं हुए, जिससे मोहित को गहरा सदमा लगा। आरोप है कि ससुराल पक्ष द्वारा बार-बार अपमान और धमकियों के चलते वह टूट चुका था। पीड़ित ने कहा कि 17 जनवरी 2025 को दोपहर में बेटे ने कमरे में फांसी लगाकर सुसाइड कर ली। मां का आरोप है कि बेटे को आत्महत्या के लिए उकसाया गया था। घटना के बाद पीड़िता ने आदर्श नगर थाने और पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। न्यायालय के निर्देश पर अब पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
