झुंझुनूं के बीडीके हॉस्पिटल में मरीजों की सुविधा के लिए “Hey Doc” ऐप के साथ हेल्प डेस्क शुरू की गई है। इस व्यवस्था के तहत मरीज मोबाइल से रजिस्ट्रेशन कर डिजिटल टोकन ले सकेंगे और ओपीडी पर्ची सीधे काउंटर से प्राप्त करेंगे। अस्पताल परिसर में QR कोड लगाए गए हैं, जिनसे ABHA आईडी बनाई जा रही है। इस पहल का उद्देश्य लाइन कम करना, समय बचाना और मरीजों का पूरा रिकॉर्ड डिजिटल करना है। क्या है ‘Hey Doc’ ऐप और कैसे करेगा काम? BDK अस्पताल के PMO डॉ. जितेंद्र भाम्बू ने बताया कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप अस्पताल में डिजिटल सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। मरीज अपने एंड्रॉइड या अन्य स्मार्टफोन पर ‘Hey Doc’ ऐप डाउनलोड कर सकते हैं। अस्पताल परिसर में जगह-जगह क्यूआर (QR) कोड और बोर्ड लगाए गए हैं, जिन्हें स्कैन कर मरीज अपनी ABHA (Ayushman Bharat Health Account) आईडी बना सकते हैं। QR कोड से बनेगी ABHA आईडी अस्पताल परिसर में कई जगह QR कोड और बोर्ड लगाए गए हैं। इन्हें स्कैन कर मरीज अपनी ABHA आईडी बना सकते हैं। इसके बाद मरीज अपनी जानकारी ऐप के जरिए अस्पताल के साथ शेयर कर सकते हैं, जिससे पूरी प्रक्रिया आसान हो जाती है। डिजिटल रिकॉर्ड से नहीं खोएगी रिपोर्ट डॉ. भाम्बू के अनुसार मरीज की जांच रिपोर्ट और पूरा हेल्थ डेटा ऐप में सुरक्षित रहेगा। कई बार ओपीडी पर्ची या पुरानी रिपोर्ट गुम हो जाती है, लेकिन डिजिटल रिकॉर्ड होने से डॉक्टर कभी भी पुराना डेटा देख सकेंगे। हेल्प डेस्क पर मिल रही मदद रजिस्ट्रेशन काउंटर के पास हेल्प डेस्क लगाई गई है। यहां स्टाफ मरीजों को ऐप इंस्टॉल करने, रजिस्ट्रेशन करने और प्रोफाइल लिंक करने की पूरी प्रक्रिया समझा रहा है। जो लोग तकनीक से परिचित नहीं हैं, उन्हें भी यहां सहायता दी जा रही है। भीड़ कम करने और समय बचाने पर फोकस घर बैठे रजिस्ट्रेशन से हॉस्पिटल में भीड़ कम होगी और मरीजों का समय बचेगा। प्रशासन का लक्ष्य है कि आगे फास्ट ट्रैक काउंटर बढ़ाए जाएं, ताकि डिजिटल रजिस्ट्रेशन करने वाले मरीजों को जल्दी सेवा मिल सके।
