वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कमजोर पड़ते ही श्रीगंगानगर जिले में भीषण गर्मी का दौर शुरू हो गया है। दिन में लू जैसी स्थिति बन रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। इसी बीच मौसम विभाग ने आज यानी शनिवार को जिले के कई इलाकों में हल्की बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। मौसम राडार स्टेशन, श्रीगंगानगर पर शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान 32 डिग्री रिकार्ड किया गया। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 32 डिग्री और अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री रहा। गुरुवार को न्यूनतम 22.2 और अधिकतम 41 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। पिछले कुछ दिनों में तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार- आज कुछ इलाकों में बादल छा सकते हैं। कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और आंधी चलने की संभावना है। इससे चिलचिलाती गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि बारिश के बाद तापमान में फिर बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विभाग ने श्रीगंगानगर जिले में 5 मई तक बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। नहरों में पीने का पानी छोड़ा तेज गर्मी के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में पीने के पानी की किल्लत बढ़ गई थी। वहीं, पिछले दिनों सभी नहरों में पीने का पानी छोड़ दिया गया है। नहर में पानी आते ही आस-पास के लोग पानी भरने के लिए पहुंच रहे हैं।
