जैसलमेर में 3 मई से पहली बार गर्मियों के ऑफ सीजन में हवाई सेवा शुरू हो रही है। अलायंस एयर जयपुर से जैसलमेर के बीच सप्ताह में दो दिन फ्लाइट चलाएगी। अब तक अप्रैल से सितंबर तक उड़ानें बंद रहती थीं, लेकिन इस बार यह सिलसिला बदला है। इस पहल में स्थानीय होटल और टूर ऑपरेटर्स का सहयोग रहा है। नई सेवा से यात्रा समय 10 से 12 घंटे से घटकर 1 घंटा 45 मिनट हो जाएगा और शहर की कनेक्टिविटी सालभर बनी रहेगी। सप्ताह में दो दिन चलेगी फ्लाइट पर्यटन बिजनेस से जुड़े लोगों ने इस पहल पर खुशी जताते हुए कहा कि यह जैसलमेर के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा। उनके अनुसार, “ऑफ-सीजन में फ्लाइट शुरू होना पर्यटन उद्योग के लिए गेम चेंजर है। इससे देश-विदेश के पर्यटक आसानी से यहां पहुंच सकेंगे और जैसलमेर की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।” अलायंस एयर 78 सीटों वाले विमान का संचालन रविवार और गुरुवार को करेगी। यह फ्लाइट जयपुर से जैसलमेर के बीच चलेगी। अब तक गर्मियों में टूरिस्ट कम होने के कारण एयरलाइंस कंपनियां शेड्यूल जारी नहीं करती थीं, लेकिन इस बार यह व्यवस्था शुरू की गई है। व्यापारियों के सहयोग से शुरू हुई सेवा यह कदम स्थानीय होटल संचालकों और टूर ऑपरेटर्स के सहयोग से संभव हुआ है। उन्होंने एयरलाइन को संभावित घाटे की भरपाई का भरोसा दिया है, ताकि कनेक्टिविटी जारी रह सके। इससे गाइड, टैक्सी ड्राइवर और हस्तशिल्प कारोबार से जुड़े लोगों को काम मिलेगा। नाइट टूरिज्म पर रहेगा फोकस जैसलमेर की लगभग 80 प्रतिशत अर्थव्यवस्था टूरिज्म पर आधारित है। सर्दियों में पर्यटकों की संख्या ज्यादा रहती है, जबकि गर्मियों में कमी आती है। इसी को ध्यान में रखते हुए नाइट टूरिज्म को बढ़ाने की योजना बनाई गई है, ताकि ऑफ सीजन में भी पर्यटक शहर से जुड़े रहें। नाइट टूरिज्म से पर्यटकों को जोड़ेंगे होटल इंडस्ट्री से जुड़े कारोबारियों का कहना है कि यह कवायद दोबारा इसलिए की जा रही है, क्योंकि जैसलमेर की 80 प्रतिशत इकोनॉमी टूरिज्म पर टिकी हुई है। सर्दियों में यहां रिकॉर्ड टूरिस्ट रहते हैं। लेकिन, गर्मियों में टूरिज्म इंडस्ट्री नीचे आ जाती थी। ऐसे में इस बार तय किया गया कि गर्मियों के सीजन में नाइट टूरिज्म की शुरुआत की जाए। कनेक्टिविटी को ध्यान में रखा इस फ्लाइट के समय को इस तरह सेट किया गया है कि जयपुर पहुंचने वाले यात्री वहां से दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और कोलकाता जैसे मेट्रो सिटीज के लिए दोपहर बाद की कनेक्टिंग फ्लाइट्स आसानी से ले सकें। इसके अलावा दिल्ली के लिए भी अलग से समर शेड्यूल के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। यह फ्लाइट शुरू होने से जैसलमेर से जयपुर और जयपुर से जैसलमेर आने का समय बचेगा। सड़क और ट्रेन से करीब 10 से 12 घंटे का समय लगता है। वहीं इस फ्लाइट के शुरू हो जाने से यह सफर 1 घंटा 45 मिनट में पूरा हो जाएगा। ये खबर भी पढ़ें…… प्लेन में सीटें खाली रहीं तो बिजनेसमैन देंगे पैसा:कंपनियां खरीदेंगी 100-100 टिकट; जैसलमेर में पहली बार गर्मियों में शुरू होगी फ्लाइट…… जैसलमेर में पहली बार गर्मियों में फ्लाइट शुरू होने जा रही है। एयरलाइंस कंपनी एलायंस एयर ने 3 मई से जयपुर से जैसलमेर के बीच फ्लाइट का शेड्यूल जारी कर दिया है। साल 2017 में जैसलमेर एयरपोर्ट शुरू हुआ था। तब से लेकर अब तक केवल विंटर सीजन में ही एयरलाइंस कंपनियां शेड्यूल जारी करती थीं। कारण था कि गर्मियों में यहां टूरिस्ट कम आते हैं।(पूरी खबर पढ़ें)
