दलीप ट्रॉफी फाइनल- कप्तान तिलक अर्धशतक लगाकर नाबाद:तीसरे दिन साउथ जोन 242/6, ईस्ट जोन से 466 रन पीछे; पडिक्कल ने 62 रन बनाए
दलीप ट्रॉफी का फाइनल ईस्ट जोन और साउथ जोन के बीच चेन्नई में खेला जा रहा है। मंगलवार को तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक साउथ जोन ने पहली पारी में 6 विकेट पर 242 रन बना लिए हैं। टीम अभी ईस्ट जोन के पहली पारी के स्कोर से 466 रन पीछे है। ईस्ट जोन ने पहली पारी में 708 रन बनाए थे। मुकाबले के चौथे दिन का खेल बुधवार सुबह 9:30 बजे से शुरू होगा। पडिक्कल ने 62 रन की पारी खेली साउथ जोन की शुरुआत खराब रही और 10 रन के स्कोर पर रिकी भुई 1 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद नारायण जगदीशन और देवदत्त पडिक्कल ने दूसरे विकेट के लिए 60 रन जोड़े। जगदीशन 32 रन बनाकरआउट हुए। पडिक्कल और शेख रशीद ने तीसरे विकेट के लिए 56 रन जोड़े। रशीद 27 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद देवदत्त पडिक्कल 62 रन बनाकर आउट हुए। तिलक 56 रन बनाकर नाबाद कप्तान तिलक वर्मा ने रविचंद्रन स्मरण (23) के साथ पांचवें विकेट के लिए 45 रन जोड़े। तिलक और श्रेयस गोपाल (26) ने छठे विकेट के लिए 66 रन की साझेदारी की। दिन का खेल खत्म होने पर तिलक वर्मा 56 रन और चामा मिलिंद 2 रन बनाकर नाबाद हैं। ईस्ट जोन के लिए मोहम्मद शमी और मुकेश कुमार ने 2-2 विकेट झटके। शिखर मोहन को एक विकेट मिला। वैभव के कहने पर ईशान ने लिया रिव्यू दलीप ट्रॉफी में ईस्ट जोन के उपकप्तान वैभव सूर्यवंशी ने तीसरे दिन टीम को पहला विकेट दिलाने में अहम भूमिका निभाई। मुकेश कुमार की गेंद पर रिकी भुई के खिलाफ कैच की अपील हुई। गेंद बल्ले का किनारा छूकर विकेटकीपर के हाथों में गई थी। ईशान किशन रिव्यू लेने को लेकर असमंजस में थे। तभी वैभव ने उन्हें रिव्यू लेने के लिए कहा। ईशान ने रिव्यू लिया और थर्ड अंपायर ने रिकी भुई को आउट दे दिया। ईशान किशन ने 270 रन की पारी खेली ईस्ट जोन की ओर से पहली पारी में कप्तान ईशान किशन ने 270 रन बनाए। उन्होंने 334 गेंदों का सामना करते हुए 30 चौके और 7 छक्के लगाए। कुमार कुशाग्र ने 101, शिखर मोहन ने 85 और अभिमन्यु ईश्वरन ने 72 रन बनाए। वैभव सूर्यवंशी ने भी 37 गेंदों पर 44 रन की तेज पारी खेली। सिराज को एक भी विकेट नहीं साउथ जोन की ओर से पहली पारी में त्रिपुराना विजय ने सबसे ज्यादा 4 विकेट झटके। चामा मिलिंद और श्रेयस गोपाल ने 2-2 विकेट लिए। शेख रशीद को एक विकेट मिला। अभिमन्यु ईश्वरन रन आउट हुए। हालांकि, मोहम्मद सिराज समेत साउथ जोन के गेंदबाज ईस्ट जोन के बल्लेबाजों पर लगातार दबाव बनाने में नाकाम रहे हैं। सिराज को पहली पारी में एक भी विकेट नहीं मिला। दोनों टीमों की प्लेइंग-11 ईस्ट जोन: अभिमन्यु ईश्वरन, वैभव सूर्यवंशी, कुमार कुशाग्र, सुदीप कुमार घरामी, शिखर मोहन, ईशान किशन (विकेटकीपर/कप्तान), एमडी कौनैन कुरैशी, अनुकूल रॉय, मोहम्मद शमी, अभिजीत के सरकार, मुकेश कुमार। साउथ जोन: रिकी भुई, नारायण जगदीसन (विकेटकीपर), देवदत्त पडिक्कल, शेख रशीद, तिलक वर्मा (कप्तान), स्मरण रविचंद्रन, श्रेयस गोपाल, त्रिपुराना विजय, मोहम्मद सिराज, चामा वी मिलिंद, एमडी निधिश। ——————— स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… एशिया कप-पाकिस्तानी प्लेयर ने 7 रन देकर 6 विकेट लिए विमेंस एशिया कप में लगातार रिकॉर्ड बन रहे हैं। सोमवार रात पाकिस्तान की नशरा संधू ने हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ 7 रन देकर 6 विकेट लिए। नशरा का पाकिस्तान की विमेंस टीम के लिए टी-20 इंटरनेशनल में बेस्ट प्रदर्शन है। पूरी खबर…