लालसोट में हिस्ट्रीशीटर धर्मेंद्र मीणा हत्याकांड के मुख्य आरोपी चेतराम गुर्जर समेत तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। तीनों बाइक से चेतराम के गांव जा रहे थे। पुलिस ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की तो चेतराम ने देसी कट्टे से पुलिस पर फायर कर दिया। इस दौरान जवाबी फायरिंग में चेतराम के पैर में भी गोली लग गई। जबकि दो लोग बाइक गिरने से घायल हो गए। लालसोट सीआई पवन कुमार जाट ने बताया- रविवार रात 2:15 बजे सूचना मिली कि धर्मेंद्र मीणा हत्याकांड के तीन आरोपियों की लोकेशन जयपुर के आसपास है। सूचना मिली थी कि तीनों आरोपी बाइक से मुख्य आरोपी चेतराम गुर्जर उर्फ राहुल खटाना के गांव रिवाली (बामनवास, सवाईमाधोपुर) जा रहे हैं। पुलिस की टीम पर बदमाश ने की फायरिंग
डीएसटी और लालसोट थाना टीम के जवानों ने बिनोरी मोड के पास तीनों आरोपियों को रोकने की कोशिश की। इस पर चेतराम ने देसी कट्टे से पुलिस की टीम पर फायरिंग कर दी। इस पर पुलिस ने पहले उन्हें वॉर्निंग दी। इसके बाद जवाबी फायरिंग में चेतराम के पैर में गोली लग गई। इससे आरोपियों की बाइक बेकाबू होकर नीचे गिर गई। जिससे देशराज उर्फ देशू निवासी गुडला (बामनवास) और कल्लू उर्फ राज गुर्जर निवासी भिनौरा (सवाईमाधोपुर) को भी चोट आईं। इलाज के लिए दौसा रेफर
थाना अधिकारी पवन कुमार जाट ने बताया कि तीनों घायलों को पहले लालसोट के जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां से उन्हें इलाज के लिए दौसा रेफर कर दिया। 10 अप्रैल को दिया था वारदात को अंजाम
बता दें कि 10 अप्रैल को दौसा के लालसोट थाना क्षेत्र जमात चौराहे के पास स्थित एक रेस्टोरेंट में खाना खाने के दौरान हुए विवाद के बाद हिस्ट्रीशीटर धर्मेंद्र मीणा और आरोपियों की बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद चेतराम ने धर्मेंद्र मीणा पर फायरिंग कर दी। जिससे उसकी मौत हो गई।
… घटना से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें लालसोट में फायरिंग, 1 की मौत:एक साथ बैठकर खा रहे थे खाना, कहासुनी हुई तो मारी गोली लालसोट थाना क्षेत्र के जमात स्थित दयाल भोजनालय में शुक्रवार दोपहर खाना खाते समय दो गुटों के 2 युवकों के बीच झगड़ा हो गया। कहासुनी बढ़ने पर एक युवक ने दूसरे पर फायरिंग कर दी, जिससे धर्मेंद्र मीणा नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर हालत में युवक को जयपुर रेफर किया गया लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। (पढ़ें पूरी खबर)
