उदयपुर शहर से सटे उपली बड़ी गांव में मंगलवार देर रात लेपर्ड के हमले से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घर के बाहर टॉयलेट के लिए निकली महिला पर लेपर्ड ने अचानक हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला का इलाज उदयपुर के महाराणा भूपाल (एमबी) अस्पताल में जारी है। घटना रात करीब 2 बजे की है। जानकारी के अनुसार, गमेती बस्ती निवासी भूरी बाई (52), पत्नी बंशीलाल गमेती, रात करीब 2 बजे अपने कच्चे घर से बाहर आंगन की ओर निकली थीं। इसी दौरान अंधेरे में घात लगाए बैठे लेपर्ड ने उन पर झपट्टा मार दिया। लेपर्ड ने महिला के चेहरे और गर्दन पर हमला करते हुए अपने दांत गड़ा दिए। अचानक हुए हमले के बावजूद भूरी बाई ने हिम्मत दिखाते हुए जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया। उनकी आवाज सुनकर लेपर्ड घबरा गया और पास के जंगल की ओर भाग गया। चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। महिला खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ी थीं। स्थानीय ग्रामीण खुबेश सुथार ने बताया कि परिजनों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस को सूचना दी, लेकिन काफी देर तक एम्बुलेंस नहीं पहुंचने पर ग्रामीणों ने निजी वाहन से ही महिला को एमबी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया। महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने पर बड़गांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी जुटाई। अगले दिन वन विभाग की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। ग्रामीणों के अनुसार, लेपर्ड अब आबादी के बेहद करीब आ गए हैं, जिससे लोगों में आक्रोश और भय दोनों है। वन विभाग ने हमलावर लेपर्ड को पकड़ने के लिए इलाके में पिंजरा लगाया है। हालांकि ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग इस मामले को गंभीरता से नहीं ले रहा है। बतादें कि उपली बड़ी गांव में लेपर्ड का आतंक पहले भी सामने आ चुका है। इससे पहले एक किसान पर भी हमला हुआ था। लगातार हो रहे हमलों के चलते ग्रामीणों में डर का माहौल है और उन्होंने वन विभाग से गश्त बढ़ाने तथा लेपर्ड को जल्द पकड़ने की मांग की है।
