अलवर के काला कुआं स्थित सरकारी सैटेलाइट अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की लापरवाही सामने आई है। एक बोन कैंसर से पीड़ित बुजुर्ग मरीज को लंबे इंतजार के बाद भी समय पर इलाज नहीं मिल सका। मरीज ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यहां कोई सुनवाई नहीं हो रही, चाहे मरीज कितना ही परेशान क्यों न हो। 2 मई को इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद भास्कर टीम मौके पर पहुंची और अस्पताल की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान अस्पताल में मरीजों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। मरीज सुबह 9 बजे से लाइन में लगे हुए थे, जबकि डॉक्टर करीब 11 बजे तक अस्पताल नहीं पहुंचे। इमरजेंसी वार्ड में भी उस समय कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था, जिससे मरीजों की परेशानी और बढ़ गई। लाइन में लगे मरीज बोले लाइन में लगे मरीजों ने भी नाराजगी जताई। नौगांवा से अपनी सास को दिखाने आए देवेंद्र ने बताया कि वह सुबह 9 बजे से लाइन में खड़े हैं, लेकिन डॉक्टर 11 बजे पहुंचे। उन्हें जांच रिपोर्ट दिखानी थी, लेकिन घंटों इंतजार करना पड़ा। वहीं, अपने बेटे को लेकर आई मीना ने कहा कि उसके बेटे को लंबे समय से पेट दर्द की समस्या है। वह काफी देर से लाइन में खड़ी है, लेकिन इमरजेंसी में भी कोई देखने वाला नहीं है। अखैपुरा मोहल्ले से आई बुजुर्ग महिला रेशमा ने बताया कि वह दर्द से परेशान हैं और डॉक्टर को दिखाने आई थीं, लेकिन लंबी लाइन में खड़े-खड़े थक गईं। पीएमओ बोले- अस्पताल में अच्छी व्यवस्थाएं हैं। मामले में काला कुआं सैटेलाइट अस्पताल पीएमओ का कहना है कि अस्पताल में सुबह के समय अधिक मरीज आते हैं। बाकी व्यवस्थाएं अच्छी हैं। इमरजेंसी में आने वालों को अलग से देखा जाता है। कैंसर पीड़ित मरीज उस दिन आया था जिस दिन अस्पताल में गार्ड व अन्य कर्मचारियों से मरीज के परिजनों ने मारपीट की थी। तब थोड़ी परेशानी हो गई होगी। — ये खबर भी पढ़ें सैटेलाइट हॉस्पिटल में गार्ड को पीटा-VIDEO:रात को अस्पताल की खिड़की का कांच तोड़ा, पुलिस से भी उलझे मरीज के परिजन अलवर शहर के काला कुआं सैटेलाइट हॉस्पिटल में महिला मरीज के पति ने गार्ड से मारपीट कर दी। बीच-बचाव करने आए अन्य कर्मचारियों से मारपीट की गई। इसका वीडियो भी सामने आया है। यह घटना शुक्रवार देर शाम की है। वहीं रात करीब साढ़े 11 बजे दूसरे मरीज के परिजन ने खिड़की कांच तोड़ दिया। (पूरी खबर पढ़ें)
