बालोतरा का व्यापारी प्याज लेने के लिए पिकअप गाडी से जा रहा था। बीच रास्ते में पशु आ जाने से गाडी बेकाबू होकर सड़क किनारे खाई में गिर गई। इससे व्यापारी के नीचे दबने से मौत हो गई, जबकि उसका साथी प्रकाश को मामूली चोट आई। सूचना मिलने पर गुड़ामालानी पुलिस मौके पर पहुंची। घटना बालोतरा जिले के गुड़ामालनी थाना इलाके आलमजी के मंदिर के पास की है। पशु आने से गाड़ी बेकाबू होकर खाई में गिरी पुलिस के अनुसार डाबड़ गांव निवासी दीपाराम (28) पुत्र भीखाराम अपने साथी प्रकाश के साथ सोमवार सुबह पिकअप गाड़ी से गुड़ामालानी से गांधव की तरफ जा रहा था। ढीबड़ी आलमजी के मंदिर के पास अचानक सड़क पर पशु आ गया। इससे गाड़ी बेकाबू होकर पलट गई और सड़क किनारे करीब 5 फीट गहरी खाई में गिर गई। इससे दीपाराम पिकअप के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसका साथी प्रकाश के मामूली चोट आई है। स्थानीय लोगों ने दी सूचना, पुलिस पहुंची घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। गुड़ामालानी पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से शव को बाहर निकालकर गुड़ामालानी हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया। परिजनों को सूचना दे दी गई है। साथी ने बताया हादसे का कारण साथी प्रकाश ने बताया कि अचानक गाय सड़क पर आ गई थी, जिससे पिकअप बेकाबू हो गई और पलटकर खाई में गिर गई। इसी दौरान दीपाराम नीचे दब गया। प्याज का करता था कारोबार जानकारी के अनुसार दीपाराम प्याज का कारोबार करता था। वह गुड़ामालानी से गांधव होते हुए सांचौर, जालोर क्षेत्र में प्याज लेने जाता था और उसे गुड़ामालानी में बेचता था। परिवार में दो बच्चे, 6 साल पहले हुई थी शादी मृतक की शादी करीब 6 साल पहले हुई थी और उसके दो बच्चे हैं। पुलिस परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
