लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े कुख्यात आतंकी उमर हारिस उर्फ ‘खरगोश’ को लेकर एक और बड़ा खुलासा सामने आया है। जांच में पता चला है कि उसने फर्जी पहचान के जरिए राजस्थान और हरियाणा दोनों राज्यों में अपनी मतदाता पहचान बनवा रखी थी। प्रशासन के अनुसार, यह आतंकी हरियाणा के नूंह जिले की पुनहाना विधानसभा क्षेत्र में ‘सज्जाद अहमद’ के नाम से मतदाता के रूप में दर्ज था। जिसका ईपिक नंबर IVG148216 था। इसके अलावा, उसने 19 अगस्त 2023 को ऑनलाइन आवेदन कर जयपुर के हवामहल विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में भी इसी नाम से अपना पंजीकरण करवा लिया था। इस तरह वह पिछले करीब दो साल से एक ही समय में दो अलग-अलग राज्यों में मतदाता बना हुआ था। मामला तब सामने आया जब विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर-2026) के तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) द्वारा की गई जांच में इस दोहरी पहचान का खुलासा हुआ। जिला निर्वाचन अधिकारी (कलेक्टर) संदेश नायक ने पुष्टि की है कि जांच के बाद जयपुर के हवामहल क्षेत्र की मतदाता सूची से उसका नाम हटा दिया गया है। वहीं, अब सुरक्षा एजेंसियां इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि फर्जी दस्तावेजों के जरिए पहचान बनाने में किन स्थानीय लोगों या नेटवर्क की भूमिका रही। प्रशासनिक और सुरक्षा एजेंसियों के लिए यह मामला गंभीर माना जा रहा है, क्योंकि यह न केवल चुनावी प्रणाली में खामियों को उजागर करता है, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े संभावित खतरे की ओर भी संकेत करता है। — ये खबर भी पढ़ें जयपुर में एक साल रहा था आतंकी ‘खरगोश’:सी-स्कीम में नौकरी, जयसिंहपुराखोर में रहकर संवेदनशील इलाकों की रेकी की, 4 लोगों ने की मदद लश्कर-ए-तैयबा का आतंकी उमर हारिस उर्फ ‘खरगोश’ एक या दो दिन नहीं, बल्कि 1 साल साल तक जयपुर में रहा। यही नहीं उसने जयपुर के सी-स्कीम में नौकरी करते हुए कई इलाकों में रेकी की।(पूरी खबर पढ़ें)
