फैशन की दुनिया के वर्ल्ड फेमस मंच ‘मेट गाला 2026’ का आयोजन सोमवार को न्यूयॉर्क (अमेरिका) के मेट्रोपॉलिटन सिटी में किया गया। इसमें जयपुर के पूर्व राजपरिवार के सदस्य सवाई पद्मनाभ सिंह और उनकी बहन गौरवी कुमारी ने ग्लोबल स्टेज पर खास छाप छोड़ी। उन्होंने अपने शानदार डेब्यू से न सिर्फ भारतीय शिल्पकला और विरासत का परिचय कराया, बल्कि दुनियाभर की हस्तियों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। मेट गाला में पद्मनाभ सिंह और गौरवी कुमारी ने डिजाइनर प्रबल गुरूंग के साथ मिलकर ऐसी ड्रेस चुनीं, जिनमें जयपुर की समृद्ध विरासत और पारंपरिक शिल्पकला की झलक साफ दिखाई दी। दोनों का लुक भारतीय शाही संस्कृति और आधुनिक फैशन का बेहतरीन संगम बनकर सामने आया। गौरवी का लुक उनकी परदादी राजमाता गायत्री देवी को समर्पित रहा। उन्होंने गुलाबी शिफॉन साड़ी के साथ मोती और अनकट डायमंड्स पहने, जिसने क्लासिक एलीगेंस को आधुनिक अंदाज में प्रस्तुत किया। खास बात यह रही कि उन्होंने जो साड़ी पहनी, वह उनकी परदादी की विंटेज साड़ी थी। गौरवी बोलीं- यह साड़ी सिर्फ परिधान नहीं, भावनात्मक विरासत गौरवी ने बताया कि यह साड़ी उनके लिए सिर्फ परिधान नहीं, बल्कि भावनात्मक विरासत है। उन्होंने कहा कि मोती उनकी परदादी की पहचान थे, इसलिए उनके लुक में मोतियों का खास महत्व रखा गया। साड़ी का गुलाबी रंग भी जयपुर ‘पिंक सिटी’ को ध्यान में रखकर चुना गया। गौरवी कुमारी ने बताया कि उनके लुक में मोतियों का चुनाव बेहद सोच-समझकर किया गया था, क्योंकि जयपुर की राजमाता गायत्री देवी अपनी शिफॉन साड़ियों और मोतियों के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध थीं। उन्होंने कहा कि मेरी परदादी महारानी गायत्री देवी अपनी बेहतरीन शैली और शाही सादगी के लिए जानी जाती थीं। फुलघर कोट में पद्मनाभ सिंह की एंट्री पद्मनाभ सिंह ने पारंपरिक ‘फुलघर’ कोट को मॉडर्न स्टाइल में पेश किया। गहरे नीले वेलवेट से बने इस कोट को जयपुर में 600 घंटे से ज्यादा समय में तैयार किया गया। इसमें आरी, जरदोजी, दबका और रेशम की बारीक कढ़ाई की गई, जो जयपुर की उत्कृष्ट हस्तशिल्प परंपरा का उदाहरण बनी। इस परिधान को स्थानीय कारीगरों और प्रबल गुरूंग की टीम ने मिलकर तैयार किया। पद्मनाभ सिंह ने कहा कि उन्होंने जो परिधान पहना, उसे ‘फुलघर’ कहा जाता है। भारत के रेगिस्तानी इलाकों में पुरुष सर्दियों के दौरान इस तरह के क्विल्टेड जैकेट पहनते हैं। यह हमारे पारंपरिक पहनावे का हिस्सा है। फुलघर ड्रेस की एम्ब्रॉयडरी जयपुर की स्थानीय कला से प्रेरित है। मेरे फुलघर पर बने मोटिफ्स हमारे घर के एक खास कमरे से प्रेरित हैं। इस तरह उनके परिधान में सिर्फ शाही सौंदर्य नहीं, बल्कि निजी स्मृतियों और पारिवारिक विरासत की झलक भी शामिल थी। पद्मनाभ सिंह के लुक का सबसे अनोखा आकर्षण उनकी जैकेट के पीछे लगा मिरर डिटेल था, जिसने सभी का ध्यान खींचा। जब इंटरव्यूअर ने आश्चर्य से पूछा कि क्या यह सचमुच पूरा शीशा है, तो पद्मनाभ ने मुस्कुराते हुए इसकी पुष्टि की। इस पर गौरवी ने भी उत्साह से कहा कि द बैक! और पद्मनाभ ने हंसते हुए कहा कि हां, पीछे लगा मिरर भी खास है। हीरे जड़े साड़ी-गाउन में पहुंचीं ईशा अंबानी न्यूयॉर्क के मेट्रोपॉलिटन म्यूजियम ऑफ आर्ट में कॉस्ट्यूम आर्ट थीम पर मेट गाला हुआ। इसका ड्रेस कोड ‘फैशन इज आर्ट’ रखा गया। हर साल मई के पहले सोमवार को होने वाला यह आयोजन फैशन, फिल्म, कला, खेल और राजनीति से जुड़ी वैश्विक हस्तियों का सबसे बड़ा मंच माना जाता है। इस इवेंट में उद्योगपति ईशा अंबानी गोल्डन साड़ी-गाउन में नजर आईं, जिसमें 200 से ज्यादा हीरे जड़े थे। फिल्ममेकर करण जौहर ने राजा रवि वर्मा से प्रेरित लुक में डेब्यू किया। डिजाइनर मनीष मल्होत्रा ने मुंबई को समर्पित विशेष ड्रेस पहनकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इसके अलावा नताशा पूनावाला, सुधा रेड्डी, अनन्या बिड़ला और दीया मेहता जटिया भी अपने खास फैशन स्टेटमेंट के साथ रेड कार्पेट पर नजर आईं। इस साल बेयोंसे, निकोल किडमैन, वीनस विलियम्स, अन्ना विंटूर, किम कार्दशियन, गीगी हदीद, डोजा कैट और एएसएपी रॉकी सहित कई अंतरराष्ट्रीय सितारे शामिल हुए। देखिए, मेट गाला में बॉलीवुड-हॉलीवुड हस्तियों की PHOTOS…
