श्रीगंगानगर जिले में में कार सवार तस्करों ने फिल्मी स्टाइल में पुलिस की नाकाबंदी तोड़कर भागने की कोशिश की। इस दौरान तेज रफ्तार कार से सामने खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मारी। टक्कर लगते ही तस्करों की गाड़ी बंद हो गई। पुलिस ने पंजाब के रहने वाले 2 तस्करों को गिरफ्तार किया है और उनकी कार भी जब्त की है। पुलिस को तस्करों के पास से हेरोइन, अफीम और विदेशी हथियार मिले हैं, जो पाकिस्तान से भेजे गए थे। मामला समेजा कोठी थाना क्षेत्र का सोमवार दोपहर का है। पहले देखिए- 3 तस्वीरें बैरिकेडिंग में जोरदार टक्कर मारकर भागने की फिराक में थे
एसपी हरिशंकर ने बताया- सोमवार को दोपहर करीब 2 बजे नशे की खेप और हथियार तस्करी की सूचना मिली थी। इस पर पुलिस ने समेजा कोठी थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-911 (श्रीगंगानगर से खाजूवाला, बीकानेर) पर भारी नाकाबंदी की थी। ट्रैक्टर-ट्रॉली और बैरिकेडिंग लगाकर सड़क को पूरी तरह बंद कर दिया गया था। इसी दौरान अनूपगढ़ की तरफ से तेज स्पीड में एक लग्जरी कार आती नजर आई। इस कार का पुलिस पीछा कर रही थी। तस्कर ने रास्ते में ट्रैक्टर-ट्रॉली से नाकाबंदी देखी तो जोरदार टक्कर मारकर आगे निकलने की कोशिश की, लेकिन उनकी गाड़ी रुक गई। गाड़ी रुकते ही दोनों तस्कर उतरकर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पकड़ लिया। आरोपियों के पास से पाकिस्तान की तरफ से भेजी गई ड्रग्स और हथियारों की खेप बरामद हुई है। खेप में 1.50 किलो हेरोइन, 1 किलो अफीम, 5 विदेशी पिस्टल और 72 राउंड थे। दोनों आरोपी पंजाब के रहने वाले हैं। इनके पाकिस्तान और पंजाब के अन्य तस्करों से लिंक की भी जांच की जा रही है। फिलहाल दोनों आरोपियों से थाने में पूछताछ की जा रही है और नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। पुलिस इस पूरे अंतरराष्ट्रीय तस्करी रैकेट की परतें खोलने में जुटी हुई है। ये खबर भी पढ़िए… बेहोश पड़े युवक की स्कूटी से मिली 70-करोड़ की हेरोइन:पुलिस ने हॉस्पिटल में भर्ती करवाकर गाड़ी चेक किया तो 14 किलो ड्रग मिली बीकानेर में सड़क हादसे में घायल युवक की स्कूटी की डिक्की से पुलिस को 70 करोड़ की हेरोइन मिली है। युवक सड़क पर घायल अवस्था में बेहोश पड़ा हुआ था। पूरी खबर पढ़िए
