फलोदी की जिला स्पेशल टीम (DST) ने बहुचर्चित कुलदीप बिश्नोई हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने चार माह से फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी आरोपी को छत्तीसगढ़ के रायपुर से गिरफ्तार किया है। 15 जनवरी को हुई थी घटना एसपी सतनाम सिंह ने बताया कि यह मामला भोजासर थाना क्षेत्र का है। 15 जनवरी 2026 को जैसला निवासी हरलाल बिश्नोई ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, 31 दिसंबर 2025 को आऊ स्थित एक रेस्टोरेंट से खाना खाकर बाहर निकलते समय उनके पुत्र कुलदीप बिश्नोई पर पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने हमला कर दिया था। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण इलाज के दौरान कुलदीप की मौत हो गई थी। पुलिस ने इस मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। जिला स्पेशल टीम ने 28 अप्रैल को कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी मुकेश कुमार पुत्र मनोहरराम भादू निवासी मोटाई चाखू को रायपुर के एक गोदाम से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, फरारी के दौरान आरोपी गैस सप्लाई का काम कर रहा था। इस गिरफ्तारी अभियान में भोजासर थाना प्रभारी जमील खां, डीएसटी प्रभारी एएसआई प्रदीप, हेड काॅन्स्टेबल महेंद्र उज्ज्वल, गंगाराम और डीएसटी काॅन्स्टेबल चौखाराम की भूमिका रही। एसपी ने पूरी टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
