अलवर से एक 15 साल के नाबालिग छात्र का संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह पढ़ाई और टेस्ट के दबाव से बचने के लिए घर से बिना बताए निकल गया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार, रविवार शाम करीब 7 बजे नाबालिग घर से दोस्तों के साथ खेलने का कहकर निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने आसपास, रिश्तेदारी,धार्मिकस्थलों सब जगह देखा लेकिन बच्चे का कोई सुराग नहीं लगा। हारकर मां ने थाने में गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज कराई। जिस पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। परिजनों के मुताबिक, बालक नौवीं कक्षा का छात्र है और सोमवार से उसके मंथली टेस्ट शुरू होने थे। आशंका है कि टेस्ट से बचने के लिए ही उसने यह कदम उठाया। परिवार ने बताया कि मई 2025 में भी वह इसी तरह परीक्षा के डर से घर से चला गया था, तब पुलिस ने उसे करीब 2 घंटे में ढूंढ लिया था। इस बार जांच में एक अहम सुराग सामने आया है। पुलिस ने रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें नाबालिग प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर जयपुर जाने वाली ट्रेन में बैठते हुए दिखाई दिया है। जानकारी के अनुसार, वह घर से निकलने से पहले ही अपना बैग बाहर कहीं छिपाकर रख चुका था और मौका मिलते ही उसे लेकर रवाना हो गया।फिलहाल पुलि नाबालिग की तलाश कर रही हैं।
