डूंगरपुर जिले के निठाउवा थाना क्षेत्र के डूंगलई गांव में एक पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। छोटे भाई ने अपने बड़े भाई की चाकू मारकर हत्या कर दी, जबकि बीच-बचाव करने आई भाभी को भी घायल कर दिया। घायल महिला को सागवाड़ा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। निठाउवा थाने के सीआई मनोज कुमार ने बताया कि डूंगलई निवासी देवली ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। देवली ने बताया कि उनके पति कन्हैयालाल कपड़े सिलाई का काम करते थे। घटना के दिन, उनकी बेटी पुष्पा और देवर सोहनलाल की पत्नी भुला के बीच बकरियों के लिए चारा गिराने जैसी मामूली बात पर कहासुनी हो गई थी। इस विवाद से नाराज होकर सोहनलाल की पत्नी भुला अपने पीहर चली गई। जब सोहनलाल घर लौटा और उसे अपनी पत्नी के घर छोड़कर जाने का पता चला, तो वह आगबबूला हो गया। गुस्से में वह कन्हैयालाल के घर में घुस गया और चिल्लाने लगा कि उसकी बेटी की वजह से उसकी पत्नी पीहर चली गई है। इसी दौरान सोहनलाल ने अपने भाई कन्हैयालाल के पेट में चाकू मार दिया, जिससे वे लहूलुहान होकर गिर पड़े। जब पत्नी देवली अपने पति को बचाने के लिए बीच में आईं, तो सोहनलाल ने उन पर भी चाकू से वार किया। चाकू उनके बाएं हाथ की कोहनी के आर-पार हो गया। घटना के तुरंत बाद दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए निठाउवा ले जाया गया। वहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें सागवाड़ा रेफर किया गया। इलाज के दौरान कन्हैयालाल की मौत हो गई। पुलिस ने देवली की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी सोहनलाल की तलाश में जुट गई है।
