मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार सुबह प्रतापगढ़ जिले के बंबोरी गांव में मॉर्निंग वॉक की। इस दौरान उन्होंने गांव की गलियों में घूमकर आमजन, बुजुर्गों, युवाओं और महिलाओं से मुलाकात की, उनकी समस्याएं सुनीं और सुझाव लिए। बता दें कि सीएम बुधवार शाम को प्रतापगढ़ पहुंचे थे। बंबोरी गांव में विकास चौपाल और कार्यक्रमों के बाद वहीं रात रुके थे। सीएम सुबह 7:30 से 8:30 तक विधायक, कलेक्टर सहित नेताओं के साथ गांव में रहे। इस दौरान उन्होंने खाट पर बैठकर, घरों के बाहर जाकर लोगों से बातचीत की। संवाद के दौरान मुख्यमंत्री केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के बारे में भी बताया। देखिए खबर से जुड़ी PHOTOS गांव में जगह-जगह रुक कर किया संवाद सीएम ने किसानों से बात करते हुए कहा कि गांव के किसानों को समृद्ध बनाना सरकार की प्राथमिकता है। इसके साथ ही, युवाओं को गांव में ही रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। बुजुर्गों से मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य और पेंशन योजनाओं पर चर्चा की, जबकि महिलाओं से राजीविका से जुड़ाव को लेकर संवाद किया। उन्होंने कहा कि गांवों के विकास से ही विकसित राजस्थान का सपना साकार होगा। मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर गांव में काफी उत्साह देखा गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण उनके स्वागत के लिए मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई और होमवर्क के बारे में बात की और उन्हें चॉकलेट भी बांटीं। मुख्यमंत्री ने स्थानीय सुविधाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति की जानकारी भी अधिकारियों से ली। इसके बाद दौरान मुख्यमंत्री भाजनलाल शर्मा ने लक्ष्मीनाथ मंदिर और चारभुजानाथ जी मंदिर में दर्शन भी किए। मॉर्निंग वाॅक के दौरान सीएम के साथ विधायक श्रीचंद्र कृपलानी, मंत्री गौतम दक, मंत्री हेमंत मीणा, विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, चित्तौड़गढ़ जिला अध्यक्ष रतन गाडरी, प्रतापगढ़ जिला अध्यक्ष महावीर सिंह कृष्णावत, पूर्व विधायक बद्रीलाल जाट, पूर्व विधायक अशोक नवलखा, चित्तौड़गढ़ जिला प्रमुख गब्बर सिंह, प्रभारी मंत्री मंजू बाघमार, जिला कलेक्टर व जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर रेंज आईजी मौजूद रहे।
