मेडिकल एंट्रेंस एग्जाम नीट-यूजी को लेकर देशभर के लाखों विद्यार्थियों का इंतजार खत्म हो गया। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) नई दिल्ली ने एग्जाम की प्रोविजनल आंसर की जारी कर दी है। इसके साथ ही विद्यार्थियों में प्रश्नों और उत्तरों को लेकर चल रही चर्चाओं व आशंकाओं को काफी हद तक विराम मिला है। एजुकेशन एक्सपर्ट देव शर्मा ने बताया कि शुरूआती विश्लेषण में किसी भी प्रश्न को बोनस योग्य नहीं पाया गया है। साथ ही ऐसा कोई प्रश्न भी सामने नहीं आया है जिसमें एक से ज्यादा विकल्प सही हों। इससे विद्यार्थियों के बीच मार्किंग और परिणाम को लेकर बनी अनिश्चितता काफी हद तक कम हुई है। उन्होंने कहा कि परीक्षा के बाद सोशल मीडिया और विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर कई प्रश्नों को लेकर भ्रम की स्थिति बन रही थी। कुछ विद्यार्थी बोनस प्रश्न या मल्टीपल सही उत्तरों की संभावना जता रहे थे, लेकिन प्रोविजनल आंसर की जारी होने के बाद स्थिति अब काफी स्पष्ट हो गई है। एनटीए की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि विद्यार्थी फिलहाल आपत्तियां दर्ज करने को लेकर तनाव नहीं लें। एजेंसी जल्द ही रिकॉर्डेड रिस्पॉन्स शीट्स तथा प्रोविजनल आंसर-की पर आपत्तियां दर्ज कराने का शेड्यूल जारी करेगी। इसके बाद स्टूडेंटस निर्धारित शुल्क के साथ ऑनलाइन माध्यम से अपनी आपत्तियां दर्ज कर सकेंगे। एनटीए ने एग्जाम के तीन दिन बाद ही प्रोविजनल आंसर की जारी कर दी है। परीक्षा होने के बाद से ही अलग अलग संस्थानों की तरफ से अपनी कटऑफ जारी कर दी गई थी। इसके साथ ही दावे भी किए जाने लगे थे कि परफेक्ट स्कोर पर पहली रैंक कई स्टूडेंटस की आ रही है। हालांकि एनटीए की तरफ से जो प्रोविजनल आंसर की जारी की गई है, उसके बाद परफेक्ट स्कोर पर फर्स्ट रैंक की संभावना में कमी देखी जा रही है। अब आंसर की के आधार पर जल्द ही विभिन्न कोचिंग संस्थान संभावित कटऑफ और रैंक का विश्लेषण भी जारी करना शुरू कर देंगे।
