भारत में आतंकी हमलों को अंजाम देने के मकसद से घुसे लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के एक पाकिस्तानी आतंकी ने अपना सपना पूरा करने के लिए मिशन को बीच में रोक दिया। आतंकी ने श्रीनगर में हेयर ट्रांसप्लांट कराया और फर्जी आधार-पैन बनवाकर भारत से भागने की योजना बना रहा था। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने रविवार को बताया कि आतंकी का नाम मोहम्मद उस्मान जट उर्फ ‘चाइनीज’ है। श्रीनगर पुलिस ने पिछले महीने उस्मान जट और अब्दुल्ला उर्फ अबू हुरैरा को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में जट ने दावा किया कि कश्मीर की असली जिंदगी देखने के बाद उसके मकसद पूरी तरह बदल गए। उसने बताया कि पाकिस्तान में लश्कर के ट्रेनिंग कैंपों में उसे कश्मीर को लेकर जो बताया गया था, वहां तस्वीर बिल्कुल अलग थी। अधिकारियों के मुताबिक, उस्मान जट लाहौर का रहने वाला है और लश्कर का प्रशिक्षित ऑपरेटिव है। वह उत्तर और मध्य कश्मीर में आतंकी गतिविधियों में शामिल रहा। उसे भारत में घुसपैठ के बाद जम्मू-कश्मीर के बाहर आतंकियों का स्लीपर सेल नेटवर्क बनाने का काम सौंपा गया था। NIA के अनुसार, जट भारत में घुसने के बाद श्रीनगर की ऊपरी पहाड़ियों में रहा। इस दौरान उसकी मुलाकात पाकिस्तानी आतंकियों जरगाम और अब्दुल्ला उर्फ अबू हुरैरा से हुई। अबू हुरैरा लश्कर से जुड़ा पुराना आतंकी है। आतंकी जट ने बताया कि वह कई सालों से गंभीर हेयर लॉस की समस्या से जूझ रहा था। इससे उसका सेल्फ कॉन्फिडेंस कम हो गया था। उसने हेयर रिस्टोरेशन प्रक्रिया के बारे में सुना था, लेकिन उसे लगता था कि यह सुविधाएं सिर्फ पश्चिमी देशों में ऊंचे दामों पर मिलती है। जट के मुताबिक, आतंकी जरगाम श्रीनगर में उसे एक दुकान पर ले गया और बताया कि दुकान का मालिक भरोसेमंद व्यक्ति है। दुकानदार से बातचीत के दौरान जट को पता चला कि उसने खुद भी हेयर ट्रांसप्लांट कराया है। इसके बाद आतंकी लगातार उस दुकानदार के संपर्क में रहा और उससे हेयर ट्रांसप्लांट कराने में मदद मांगी। आखिरकार वह दुकानदार जट को शहर के भीतर ही एक क्लिनिक ले गया, जहां उसका हेयर ट्रांसप्लांट किया गया। इस दौरान कई सेशन हुए। इसके लिए आतंकी को क्लिनिक में रातभर रुकना भी पड़ा। प्रक्रिया पूरी होने के बाद जट पैसेंजर गाड़ी से जम्मू गया और फिर स्लीपर बस से पंजाब के मालेरकोटला पहुंचा। वहां उसने तुर्की के टीवी शो देखे और अंग्रेजी सीखने की कोशिश की। गिरफ्तार आतंकी ने पूछताछ में बताया कि वह असली आधार कार्ड, पैन कार्ड और बाद में पासपोर्ट बनवाना चाहता था। वह आतंकी उमर उर्फ ‘खरगोश’ की तरह भारत से भागना चाहता था। NIA के अनुसार पाकिस्तान के कराची का रहने वाले उमर ने 2012 के बाद भारत में घुसपैठ की थी। उसने 2024 में जयपुर से फर्जी पासपोर्ट बनवाए और भारत से फरार हो गया था। उमर फर्जी पासपोर्ट के जरिए भारत से निकलकर इंडोनेशिया पहुंच गय था। वहां से किसी खाड़ी देश में जाकर छिपा हुआ है।
