IPL में मंगलवार को राजस्थान रॉयल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 7 विकेट से हरा दिया। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में टॉस हारकर बैटिंग करने उतरी लखनऊ ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 220 रन बनाए। जवाब में राजस्थान ने 19.1 ओवर में 3 विकेट खोकर टारगेट हासिल कर लिया। इस जीत के साथ राजस्थान के 13 मैचों में 14 पॉइंट्स हो गए हैं और टीम की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें बरकरार हैं। वहीं, लखनऊ पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है। सूर्यवंशी ने 7 चौके और 10 छक्के लगाए राजस्थान के वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 38 गेंदों में 93 रन की पारी खेली। उनकी पारी में 7 चौके और 10 छक्के शामिल रहे। कप्तान यशस्वी जायसवाल ने भी शानदार शुरुआत दिलाते हुए 23 गेंदों में 43 रन बनाए। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 75 रन की तेज साझेदारी हुई। ध्रुव जुरेल ने जिम्मेदारी संभालते हुए नाबाद 53 रन बनाए और टीम को जीत तक पहुंचाया। डोनोवन फरेरा ने भी अंत में 10 गेंदों में 16 रन की उपयोगी पारी खेली। लखनऊ की गेंदबाजी पूरी तरह बेअसर नजर आई। आकाश सिंह सबसे महंगे साबित हुए, जिन्होंने 3 ओवर में 54 रन दिए। मोहसिन खान और आकाश सिंह को एक-एक विकेट मिला। मैच का स्कोरकार्ड… मार्श-इंग्लिस के बीच पहले विकेट के लिए 109 रन की साझेदारी लखनऊ के लिए मिचेल मार्श शतक से सिर्फ 4 रन दूर रह गए और 57 गेंदों में 96 रन बनाकर रन आउट हुए। उनकी पारी में 11 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। जोश इंग्लिस ने 29 गेंदों में 60 रन ठोके। उन्होंने 7 चौके और 3 छक्के लगाए। इंग्लिस और मार्श के बीच पहले विकेट के लिए 109 रन की साझेदारी हुई। निकोलस पूरन ने 11 गेंदों में 16 रन बनाए, जबकि कप्तान ऋषभ पंत ने 23 गेंदों में 35 रन की तेज पारी खेली। आखिरी ओवरों में लगातार रन आउट के कारण लखनऊ की टीम 230 के पार नहीं पहुंच सकी। राजस्थान की ओर से यश राज पुंजा सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 4 ओवर में 35 रन देकर 2 विकेट लिए। जोफ्रा आर्चर को एक विकेट मिला। वहीं, लखनऊ के दो बल्लेबाज रन आउट हुए। दोनों टीमों की प्लेइंग-11 राजस्थान: यशस्वी जायसवाल, लुहान-ड्रे प्रीटोरियस, ध्रुव जुरेल, डोनोवन फरेरा, शुभम दुबे, दसुन शनाका, जोफ्रा आर्चर, सुशांत मिश्रा, संदीप शर्मा, बृजेश शर्मा और यश राज पूंजा। इम्पैक्ट ऑप्शंस: वैभव सूर्यवंशी। लखनऊ: मिचेल मार्श, जोश इंग्लिस, निकोलस पूरन, ऋषभ पंत, आयुष बडोनी, अब्दुल समद, शाहबाज अहमद, मोहसिन खान, मयंक यादव, आकाश सिंह और प्रिंस यादव। इम्पैक्ट ऑप्शंस: दिग्वेश राठी।
