पांच बार की IPL चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स लगातार तीसरे सीजन प्लेऑफ स्टेज से बाहर हो गई है। गुरुवार को गुजरात टाइटंस ने अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज करते हुए चेन्नई को 89 रन से हराया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 229 रन बनाए। जवाब में चेन्नई की टीम 13.4 ओवर में 140 रन पर ऑलआउट हो गई। मैच का स्कोरकार्ड… शिवम दुबे ने 17 बॉल पर 47 रन बनाए चेन्नई की शुरुआत बेहद खराब रही और पहली ही गेंद पर संजू सैमसन बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद ऋतुराज गायकवाड ने तेज 16 रन बनाए, लेकिन मोहम्मद सिरान ने उन्हें भी पवेलियन भेज दिया। सिराज ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 ओवर में 26 रन देकर 3 विकेट झटके। मैथ्यू शॉर्ट ने 24 रन बनाए, जबकि शिवम दुबे ने 17 गेंदों में 47 रन की पारी खेलकर कुछ देर मुकाबले में टीम की वापसी कराने की कोशिश की, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। अंशुल कंबोज ने भी 8 गेंदों में 19 रन बनाए, लेकिन दूसरे बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सके। गुजरात की ओर से कगिसो राबाड और राशिद खान ने भी 3-3 विकेट लिए। गुजरात के लिए तीन बल्लोबाजों ने अर्धशतक लगाए गुजरात के लिए साई सुदर्शन ने 53 गेंदों में 84 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। कप्तान शुभमन गिल ने भी 37 गेंदों में 64 रन बनाए और दोनों ने पहले विकेट के लिए 125 रन की साझेदारी की। आखिरी ओवरों में जोस बटलर ने 27 गेंदों में नाबाद 57 रन ठोके। वहीं वॉशिंगटन सुंदर ने 3 गेंदों में 7 रन बनाए। चेन्नई की ओर से मुकेश कुमार, स्पेंसर जॉनसन और अंशुल कंबोज को 1-1 विकेट मिला। दोनों टीमों की प्लेइंग-11 गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, निशांत सिंधु, जेसन होल्डर, राशिद खान, राहुल तेवतिया, अरशद खान, कगिसो रबाडा और मोहम्मद सिराज। चेन्नई सुपर किंग्स: ऋतुराज गायकवाड (कप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), उर्विल पटेल, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, मैथ्यू शॉर्ट, अंशुल कंबोज, नूर अहमद, स्पेंसर जॉनसन, मुकेश चौधरी और गुरजपनीत सिंह।
