एशियन गेम्स में आज 27 गोल्ड पर फैसला:शूटिंग और टेकबॉल में मेडल इवेंट खेलेगा भारत; मेंस और विमेंस हॉकी टीम के भी मुकाबले
एशियन गेम्स में आज 9 खेलों में 27 गोल्ड मेडल मुकाबले खेले जाएंगे। इसमें सबसे ज्यादा स्विमिंग में 7 गोल्ड दांव पर होंगे। इसके अलावा टेकबॉल में 5 और कराटे में 4 गोल्ड का फैसला होगा। भारत के लिए शूटिंग, टेकबॉल और वुशु में मेडल जीतने का मौका है। इसके अलावा टीम इंडिया हॉकी, क्रिकेट, टेबल टेनिस, बैडमिंटन और वुशु में भी मुकाबले खेलेगी। वुशु फाइनल में सूरज 11वें स्थान पर भारत के सूरज सिंह मयांगलंबम ने एची-नागोया एशियन गेम्स के पुरुष वुशु फाइनल में 11वां स्थान हासिल किया। उन्होंने 9.683 अंक जुटाए। मुकाबला एची प्रीफेक्चरल मार्शल आर्ट्स हॉल में हुआ। 21 खिलाड़ियों के फाइनल में 9.683 अंक सूरज को मूवमेंट की क्वालिटी के लिए 5.00 अंक मिले। डिफिकल्टी के लिए 2.00 अंक मिले। उनके प्रदर्शन में कोई डिडक्शन नहीं हुआ। ओवरऑल परफॉर्मेंस के लिए उन्हें 2.683 अंक मिले। मकाऊ के खिलाड़ियों ने गोल्ड-सिल्वर जीता मकाऊ के कुओंग ची हिन ने 9.723 अंक के साथ गोल्ड मेडल जीता। उनके हमवतन ची कुआन सॉन्ग ने 9.720 अंक के साथ सिल्वर मेडल हासिल किया। 90 सेकेंड में प्रदर्शन वुशु में खिलाड़ियों को करीब 90 सेकेंड में अपना प्रदर्शन पूरा करना होता है। इस इवेंट में तेज पंच, किक, जंप, स्पिन और अलग-अलग एक्रोबैटिक मूवमेंट शामिल होते हैं। खिलाड़ियों का मूल्यांकन मूवमेंट की क्वालिटी, डिफिकल्टी और ओवरऑल परफॉर्मेंस के आधार पर किया जाता है। क्विम्सी टेक बॉल के दोनों मुकाबलों में ब्रॉन्ज से चूकीं भारत की क्विम्सी डिसूजा को एची-नागोया एशियन गेम्स में दो मुकाबलों में ब्रॉन्ज मेडल से चूकना पड़ा। मुंबई की क्विम्सी पहले महिला सिंगल्स के ब्रॉन्ज मेडल मैच में जापान की वर्ल्ड नंबर-7 युइना सकामोटो से 0-2 से हारीं। इसके कुछ मिनट बाद ही वह मोहम्मद अनस बेग के साथ मिक्स्ड डबल्स का ब्रॉन्ज मेडल मैच खेलने उतरीं। भारतीय जोड़ी को वियतनाम के होआंग मिन्ह तान गुयेन और जिया निह ट्रिन्ह ने 0-2 से हराया। क्या है टेकबॉल? टेकबॉल फुटबॉल और टेबल टेनिस का मिश्रण है। इसमें खिलाड़ी खास तरह की घुमावदार टेबल के दोनों तरफ रहकर फुटबॉल से खेलते हैं। हाथ और बाजुओं का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। पैर, घुटने, छाती, कंधे और सिर से गेंद को विरोधी के पाले में भेजना होता है। एक तरफ से गेंद को अधिकतम तीन टच में वापस भेजना होता है। शूटिंग में एलावेनिल, सोनम और विदर्सा पर नजर महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल में भारत की एलावेनिल वालारिवन, सोनम मस्कर और विदर्सा के विनोद उतरेंगी। सुबह 9:45 बजे तीनों खिलाड़ी क्वालिफिकेशन में हिस्सा लेंगी। इसी के साथ टीम इवेंट का फाइनल भी होगा। इंडिविजुअल इवेंट का फाइनल दोपहर 2:30 बजे खेला जाएगा। टेकबॉल में दो ब्रॉन्ज मेडल का मौका महिला सिंगल्स के ब्रॉन्ज मेडल मैच में भारत की क्विमसी जोआकिम डिसूजा जापान की यूइना सकामोटो से खेलेंगी। मिक्स्ड डबल्स के ब्रॉन्ज मेडल मैच में क्विमसी और मोहम्मद अनस इमरान बेग की जोड़ी उतरेगी। वहीं वुशु में सुरज सिंह मायांगलंबम के पास मेडल जीतने का मौका रहेगा। वे सुबह 5:30 बजे पुरुष चांगक्वान के फाइनल में उतरेंगे। उनके अलावा महिलाओं के 52 किग्रा वर्ग में अपर्णा राउंड और पुरुषों के 75 किग्रा वर्ग में विक्रांत बलियान राउंड ऑफ-16 खेलेंगे। हॉकी में दोनों भारतीय टीमें एक्शन में भारत की महिला हॉकी टीम सुबह 7:30 बजे उज्बेकिस्तान के खिलाफ पूल-B का मुकाबला खेलेगी। इसके बाद पुरुष टीम सुबह 11:30 बजे इंडोनेशिया से खेलेगी। दोनों टीमों के लिए यह गेम्स का पहला मुकाबला होगा। टेबल टेनिस में भारत के 4 मुकाबले टेबल टेनिस में भारतीय महिला टीम सुबह 6:30 बजे इंडोनेशिया और दोपहर 12:30 बजे सिंगापुर से खेलेगी। पुरुष टीम सुबह 9 बजे इंडोनेशिया और दोपहर 3 बजे ईरान के खिलाफ उतरेगी। सभी मुकाबले ग्रुप-F में होंगे। बैडमिंटन में कजाकिस्तान से मुकाबला भारतीय महिला बैडमिंटन टीम सुबह 11:30 बजे कजाकिस्तान के खिलाफ राउंड ऑफ-16 का मुकाबला खेलेगी। पीवी सिंधु समेत भारतीय खिलाड़ी टीम इवेंट में उतरेंगे। स्विमिंग में 4 भारतीयों पर नजर बेनेडिक्टन रोहित और आकाश मणि 100 मीटर फ्रीस्टाइल के हीट्स में उतरेंगे। ऋषभ दास और उत्कर्ष पाटिल 100 मीटर बैकस्ट्रोक के हीट्स में हिस्सा लेंगे। फाइनल में जगह बनाने पर शाम के सेशन में आगे मुकाबला होगा। ———————————————— स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… एशियाड में 100 मेडल भी नहीं जीतेगा भारत:नेशनल स्पोर्ट्स एसोसिएशन, भारतीय ओलिंपिक संघ और टॉप्स की रिपोर्ट में दावा, 97 मेडल जीतेंगे भारतीय खिलाड़ी जापान में चल रहे एशियन गेम्स में 100 मेडल के आंकड़े तक नहीं पहुंच पाएगा। इस बार करीब 97 मेडल मेडल जीतने की उम्मीद है। यह दावा नेशनल स्पोर्ट्स एसोसिएशन (NSA), इंडियन ओलिंपिक एसोसिएशन (IOA) और साई की टारगेट ओलिंपिक पोडियम (टॉप्स) स्कीम की अंतरिक रिपोर्ट में किया गया है। पूरी खबर