मुंबई-बीजेपी विधायक ने मुस्लिमों की गरबा एंट्री पर लगाई शर्त:कहा- तिलक लगाकर देवी की पूजा करनी होगी; मंत्री राणे ने विरोध किया था
मुंबई के बोरीवली में होने वाले एक गरबा कार्यक्रम में मुस्लिमों की एंट्री को लेकर शर्त रखी गई है। बीजेपी विधायक संजय उपाध्याय ने कहा कि गरबा में शामिल होने वाले मुस्लिमों को तिलक लगाना होगा और देवी की पूजा करनी होगी। इससे पहले महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नितेश राणे ने भी नवरात्रि के दौरान गरबा आयोजनों में मुस्लिमों की एंट्री का विरोध किया था। इस साल शारदीय नवरात्रि 11 से 19 अक्टूबर तक चलेगी। इस दौरान अलग-अलग जगहों पर गरबा और डांडिया कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बीजेपी नेता बोले- मुस्लिमों को तिलक से आपत्ति नहीं होनी चाहिए पूर्व बीजेपी सांसद गोपाल शेट्टी ने भी मुस्लिमों की गरबा में एंट्री को लेकर बयान दिया। उन्होंने कहा कि अगर कोई मुस्लिम तिलक लगाकर आता है तो उसे गरबा में शामिल होने दिया जा सकता है। शेट्टी ने कहा कि जिस तरह हिंदू नेता ईद के कार्यक्रमों में टोपी पहनते हैं, उसी तरह गरबा में आने वाले मुस्लिमों को तिलक लगाने में आपत्ति नहीं होनी चाहिए। कार्यक्रम के आयोजक संतोष सिंह ने बताया कि इस बार गरबा के दौरान सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जाएंगे। कार्यक्रम में एंट्री से पहले लोगों के आधार कार्ड चेक किए जाएंगे। खबर लगातार अपडेट हो रही है…