PM मोदी की जेन-जी के साथ भजन क्लबिंग, VIDEO:खंजरी बजाई, भजन गुनगुनाए; दिल्ली में दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर हुआ प्रोग्राम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार शाम दिल्ली के दीनदयाल उपाध्याय पार्क में ‘भजन क्लबिंग’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। यह कार्यक्रम पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती पर किया गया था। इस दौरान पीएम मोदी गुजराती, हिंदी भजनों पर खंजरी बजाते और गुनगुनाते नजर आए। 'भजन क्लबिंग' युवाओं, विशेषकर जेन Z के बीच एक तेजी से उभरता हुआ अध्यात्मिक ट्रेंड है। यह पारंपरिक भजनों और कीर्तन को आधुनिक कॉन्सर्ट या नाइट-क्लब जैसी 'वाइब' और प्रोडक्शन के साथ प्रस्तुत करने का एक नया तरीका है। भजन क्लबिंग के दौरान पीएम मोदी की तस्वीरें… पीएम मोदी ने भजन क्लबिंग का ऑस्ट्रेलिया में किया था जिक्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जुलाई में अपने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर मेलबर्न में भजन क्लबिंग ट्रेंड का जिक्र किया था। उन्होंने तारीफ की थी कि कैसे भारत की नई पीढ़ी अपनी जड़ों और आस्था को आधुनिक जीवनशैली के साथ खूबसूरती से जोड़ रही है। पीएम मोदी ने कहा था कि भजन क्लबिंग ट्रेंड को हमारी जेन-जी पीढ़ी आगे बढ़ा रही है। इससे पहले जनवरी 2026 में मन की बात कार्यक्रम में भी पीएम मोदी ने इस ट्रेंड की जमकर सराहना की थी। जेन-Z के बीच मशहूर भजन क्लबिंग क्या है.. 'भजन क्लबिंग' युवाओं, विशेषकर जेन Z के बीच एक तेजी से उभरता हुआ स्प्रिचुअल ट्रेंड है। यह पारंपरिक भजनों और कीर्तन को आधुनिक कॉन्सर्ट या नाइट-क्लब जैसी 'वाइब' और प्रोडक्शन के साथ प्रस्तुत करने का एक नया तरीका है। इस ट्रेंड के कुछ खास फीचर… मानसिक शांति और तनाव मुक्ति के लिए जुड़ता है जेन Z आध्यात्मिकता-आधुनिकता का संगम: युवा पीढ़ी परंपराओं से जुड़ना चाहती है, लेकिन वे इसे किसी पुराने या "बोरिंग" तरीके के बजाय अपने आधुनिक जीवनशैली के अनुरूप अनुभव करना पसंद करते हैं। मानसिक शांति और स्ट्रेस-रिलीफ: आजकल के तनावपूर्ण जीवन में, सामूहिक रूप से सकारात्मक संगीत सुनकर और गाकर लोग खुद को तरोताजा और तनावमुक्त महसूस करते हैं। कम्युनिटी कनेक्शन: यह लोगों को एक साथ लाता है, जिससे उन्हें 'बिलॉगिंग' या अपनापन महसूस होता है। भारतीय जनसंघ का प्रमुख चेहरा थे पंडित दीनदयाल, उनकी आज 110वीं जयंती पंडित दीनदयाल उपाध्याय एक राजनीतिक विचारक, अर्थशास्त्री और भारतीय जनसंघ के नेता थे। उन्होंने 'राष्ट्र धर्म', 'पांचजन्य' पत्रिकाओं और दैनिक समाचार पत्र 'स्वदेश' की शुरुआत की थी। एकात्म मानववाद, सामाजिक न्याय और आत्मनिर्भरता पर दीनदयाल जी के विचार आज भी बीजेपी के मिशन को दिशा दे रहे हैं। 25 सितंबर 1916 को जन्मे दीनदयाल उपाध्याय एक भारतीय राजनेता, ‘एकात्म मानववाद’ विचारधारा के समर्थक और भारतीय जनसंघ राजनीतिक पार्टी के नेता थे। उपाध्याय ने 1940 के दशक में हिंदुत्व के पुनरुत्थान के आदर्शों को फैलाने के लिए 'राष्ट्र धर्म' नाम से एक मासिक पत्रिका शुरू की थी। पंडित दीनदयाल उपाध्याय राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के विचारक और भारतीय जनसंघ (जो बाद में BJP बनी) के पूर्व नेता थे। वे दिसंबर 1967 में जनसंघ के अध्यक्ष बने। 11 फरवरी 1968 को रहस्यमय परिस्थितियों में उनका निधन हो गया। उनका शव मुगलसराय जंक्शन के पास मिला था, जिसका नाम बदलकर अब दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन कर दिया गया है। ------------------------------ पीएम मोदी से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… PM मोदी का जेन-जी संवाद, धुरंधर के गाने पर एंट्री: अगले साल 7 राज्यों में चुनाव, इनमें 22% वोटर जेन-जी, यूपी में सबसे ज्यादा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वडोदरा में जेन-जी से 25 मिनट संवाद किया। मंच पर पहुंचते ही क्वीन का मशहूर गाना ‘वी विल रॉक यू’ बजाया गया। इसके बाद ‘धुरंधर’ का गाना ‘आरी आरी’ भी बजा। पीएम ने कहा, 'लोग आपको झूठ की गूंज से गुमराह करने की कोशिश करेंगे, लेकिन आप सच्चाई के साथ खड़े रहना।” पढ़ें पूरी खबर…