मंडला में गणेश पंडाल में करंट लगने से 4 मौतें:3 की हालत गंभीर; प्रतिमा विसर्जन के बाद 8 युवक पंडाल में सोए थे
मंडला जिले के नैनपुर क्षेत्र के हीरापुर गांव में शनिवार सुबह गणेश मंच के पंडाल में सो रहे लोगों पर बिजली का तार टूटकर गिर गया। करंट फैलने से चार युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं। एक की हालत गंभीर है, जिसे जिला अस्पताल भेजा गया है। मरने वालों में रवि झरिया (24), पिता कल्लू झरिया, ग्राम कोटवार का बेटा है और मजदूरी करता था। जेनू भांवरे (19), पिता मुकेश भांवरें, मजदूरी करता था। कृष्ण कुमार भांवरे (18), पिता दिलीप, पढ़ाई के साथ मजदूरी करता था। वीरेंद्र भांवरे (24), पिता सोनू, मजदूरी करता था। सुबह 4 बजे प्रतिमा का विसर्जन कर लौटे थे एसडीओपी नैनपुर मनीष राज के अनुसार, समिति के सदस्य सुबह करीब 4 बजे गणेश प्रतिमा का विसर्जन कर लौटे थे। इसके बाद 8 युवक झांकी में रखे सामान की रखवाली के लिए पंडाल में ही सो गए। पंडाल पक्का बना है। बिजली का तार टूटने या शॉर्ट सर्किट से करंट फैला, इसकी बिजली कंपनी की टीम जांच कर रही है।