पेट्रोल डालकर युवक को जिंदा जलाने की कोशिश:मऊगंज में बचाने आए तीन लोग भी झुलसे; ईद मिलादुन्नबी की तैयारी कर रहे थे
मऊगंज जिले के लौर थाना क्षेत्र के अलहौवा गांव में ईद मिलादुन्नबी की तैयारी के दौरान एक युवक को पेट्रोल डालकर आग लगाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि राम रहीस जायसवाल ने अजहरुद्दीन उर्फ आजू पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। उसे बचाने की कोशिश में मोहम्मद सद्दाम, अनवर अली और अजहरुद्दीन का भाई अतीक अहमद भी झुलस गए। चारों को रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अजहरुद्दीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। बुधवार को ईद मिलादुन्नबी का पर्व है। इसलिए सोमवार शाम को इसकी तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान करीब 7 बजे गांव का रहने वाला राम रहीस जायसवाल पेट्रोल लेकर वहां पहुंचा। आरोप है कि उसने अजहरुद्दीन उर्फ राजू पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। उसे बचाने की कोशिश में मोहम्मद सद्दाम, अनवर अली और अतीक अहमद भी आग की चपेट में आकर झुलस गए। परिजन और मौके पर मौजूद लोग चारों घायलों को स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार के बाद रीवा के संजय गांधी अस्पताल लेकर पहुंचे। 2 तस्वीरें देखिए… चारों घायलों को इलाज के लिए रीवा लाया गया घटना की जानकारी मिलने के बाद लौर थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना के कारणों, आरोपों और मौके पर मौजूद लोगों से मिली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। मामले में आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी। घर में ईद मिलादुन्नबी जश्न की तैयारियां चल रही थीं घटना में झुलसे मोहम्मद सद्दाम हुसैन ने बताया कि गांव में ईद मिलादुन्नबी जश्न की तैयारियां चल रही थीं। हम लोग पोर्च के नीचे बैठकर सजावट का काम कर रहे थे। पिछले तीन दिनों से गांव में बिजली नहीं होने के कारण वहां अंधेरा था। इसी दौरान टाली सजाकर रखी गई थी, जिसमें हम लोग फूल लगा रहे थे। वहां करीब चार-पांच लोग मौजूद थे। कुछ समझ पाते, रहीस ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी सद्दाम के मुताबिक, इसी दौरान राम रहीस जायसवाल हाथ में बोतल लेकर वहां पहुंचा। बोतल में पेट्रोल था। हम लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही उसने अचानक पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी और मौके से भाग गया। आग की चपेट में आए व्यक्ति को बचाने के लिए वहां मौजूद लोग दौड़े और आग बुझाई, लेकिन तब तक वह बुरी तरह झुलस चुका था। आरोपी से किसी तरह का पुराना विवाद या रंजिश नहीं मोहम्मद सद्दाम हुसैन ने बताया कि आरोपी से किसी तरह का पुराना विवाद या रंजिश नहीं थी। अचानक उसने पेट्रोल छिड़ककर आग क्यों लगाई, इसकी वजह उन्हें भी पता नहीं है। जलता हुआ छोड़कर भागा, पकड़ा नहीं गया घायल अजहरुद्दीन के नाना सलीम बख्श ने बताया कि जिसने पेट्रोल छिड़का, वह भी वहीं मौजूद था। हम लाइट लगा रहे थे। इस दौरान राम रहीस आया और अजहरुद्दीन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। उसे जलता छोड़कर वह मौके से भाग गया। सद्दाम ने रहीस को रोकने की कोशिश की और पूछा कि क्यों भाग रहे हो। सलीम बख्श के मुताबिक, घटना में चार लोग झुलसे हैं। पुराना कोई विवाद नहीं था। आरोपी अभी पकड़ा नहीं गया है। रिपोर्ट करने गए तो थाने में कहा गया कि पहले बयान कराओ। इसके बाद ही रिपोर्ट लिखेंगे।