विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से फिरोजपुर रेल मंडल में बुधवार को ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार के नेतृत्व में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से पौधारोपण किया।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और इसके लिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने कहा कि बढ़ती ग्लोबल वार्मिंग और पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण ही सबसे प्रभावी उपाय है।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से जुड़ने का आह्वान करते हुए अपनी माताओं के सम्मान में एक पौधा लगाने तथा उसके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह अभियान न केवल पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है, बल्कि माँ के प्रति सम्मान और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का भी प्रतीक है।
कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक नितिन गर्ग, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता भूपेन्द्र, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी साक्षी सिंह, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त ऋषि पांडे, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) परमदीप सिंह सैनी सहित बड़ी संख्या में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पौधे लगाए।
इसके अतिरिक्त फिरोजपुर मंडल के विभिन्न प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर भी ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत सामूहिक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि आने वाले दिनों में भी पर्यावरण संरक्षण और हरित रेलवे के उद्देश्य को लेकर ऐसे कार्यक्रम जारी रहेंगे।
