चीन की राजधानी बीजिंग में एक छोटा विमान 109 मंजिला बिल्डिंग से टकरा गया। यह इमारत ‘चाइना जुन’ के नाम से भी जानी जाती है और बीजिंग की सबसे ऊंची इमारत है। एहतियात के तौर पर पूरी इमारत खाली करा ली गई है। फिलहाल किसी के हताहत होने की आधिकारिक जानकारी नहीं है। हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में इमारत की ऊपरी मंजिलों के शीशे टूटते और विमान के टुकड़े नीचे गिरते दिखाई दे रहे हैं। ग्राउंड फ्लोर के पास धुआं उठता भी नजर आया। यह चीन में बना हल्का विमान बी-12पीपी मॉडल था। विमान में केवल पायलट सवार था। उसने हादसे से करीब आधा घंटा पहले शिफोसी एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी और शाम 5:40 बजे लौटकर लैंडिंग की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान उसका संपर्क टूट गया और वह तय रास्ते से भटक गया। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी अन्य बड़ी खबरें… फिलीपींस में 6.7 तीव्रता का भूकंप, सुनामी की चेतावनी नहीं; 3 हफ्ते पहले 80 से ज्यादा लोगों की जान गई थी फिलीपींस के दक्षिणी हिस्से में शुक्रवार शाम 6.7 तीव्रता का भूकंप आया। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक, भूकंप का केंद्र मिंदानाओ द्वीप के सरंगानी शहर से करीब 21 किलोमीटर दूर समुद्र में था। इसकी गहराई 65.7 किलोमीटर दर्ज की गई। भूकंप के बाद सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। शुरुआती रिपोर्टों में किसी के हताहत होने या बड़े नुकसान की खबर नहीं है। हालांकि स्थानीय प्रशासन हालात का आकलन कर रहा है। करीब तीन हफ्ते पहले भी दक्षिणी फिलीपींस में आए एक शक्तिशाली भूकंप में 80 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी और मिंदानाओ के कई इलाकों में भारी तबाही हुई थी। फिलीपींस प्रशांत महासागर के ‘रिंग ऑफ फायर’ क्षेत्र में स्थित है, जहां भूकंप और ज्वालामुखी गतिविधियां अक्सर होती रहती हैं। जापान की PM साने ताकाइची 1 जुलाई से भारत दौरे पर; पीएम मोदी के साथ बैठक करेंगी जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची 1 से 3 जुलाई तक भारत के दौरे पर रहेंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर वह नई दिल्ली आएंगी और दोनों नेताओं के बीच 16वीं भारत-जापान वार्षिक शिखर बैठक होगी। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, बैठक में व्यापार, निवेश, रक्षा समेत दोनों देशों के सहयोग के सभी पहलुओं की समीक्षा की जाएगी। साथ ही क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा होगी। प्रधानमंत्री बनने के बाद ताकाइची का यह पहला भारत दौरा होगा। इससे पहले अगस्त 2025 में प्रधानमंत्री मोदी जापान गए थे, जहां 15वीं भारत-जापान वार्षिक शिखर बैठक आयोजित हुई थी। यूरोपीय संघ की बैठक में स्वीडन की मंत्री अपने 3 साल के बच्चे के साथ पहुंचीं यूरोपीय संघ (EU) के जलवायु मंत्रियों की बैठक में गुरुवार को स्वीडन की जलवायु मंत्री रोमिना पूरमोख्तारी अपने 3 महीने के बेटे एडम को लेकर पहुंचीं। EU परिषद के अधिकारियों के मुताबिक, पहली बार किसी मंत्री स्तरीय बैठक में एक शिशु शामिल हुआ है। 30 साल की रोमिना ने कहा कि वह यह दिखाना चाहती थीं कि महिलाओं को मां बनने और करियर में से किसी एक को चुनने के लिए मजबूर नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसा तभी संभव है, जब परिवार और सरकारी नीतियों से पूरा सहयोग मिले। स्वीडन में दुनिया की सबसे उदार पेरेंटल लीव नीतियों में से एक है। वहां माता-पिता को कुल 16 महीने का सवेतन अवकाश मिलता है। इसमें से 90 दिन मां और 90 दिन पिता के लिए तय होते हैं। पूरी खबर पढ़ें…
