कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में एक साथ 993 रुपए की बढ़ोतरी के बाद झुंझुनूं में 19 किलो सिलेंडर 3135 रुपए का हो गया है। गैस कंपनियों ने नई दरें लागू कर दी हैं। इसका असर व्यापारियों के साथ छोटे उपभोक्ताओं पर भी पड़ा है, क्योंकि 5 किलो सिलेंडर भी 261 रुपए महंगा होकर 829 रुपए पहुंच गया है। पिछले दो महीनों में लगातार चौथी बार कीमतें बढ़ी हैं। छोटे सिलेंडर पर भी असर महंगाई का असर केवल बड़े व्यापारियों तक सीमित नहीं रहा। प्रवासी मजदूर और कम आय वाले परिवारों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले 5 किलो सिलेंडर के दाम में 261 रुपए की बढ़ोतरी हुई है। अब यह सिलेंडर 829 रुपए में मिल रहा है, जिससे इन वर्गों का बजट प्रभावित हुआ है। दो महीने में चार बार बढ़ोतरी गैस के दाम पिछले दो महीनों में लगातार बढ़े हैं।
1 मार्च को 27 रुपए, 7 मार्च को 115 रुपए, 1 अप्रैल को 194 रुपए और 1 मई को 993 रुपए की बढ़ोतरी की गई। इस तरह कुल मिलाकर 1329 रुपए की बढ़ोतरी हो चुकी है। शादियों और कारोबार पर असर झुंझुनूं में इस समय शादी का सीजन चल रहा है। ऐसे में सिलेंडर महंगा होने से हलवाई और कैटरिंग संचालकों की लागत बढ़ गई है। होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट में भी खाने की कीमत बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। व्यापारियों के अनुसार एक साथ इतनी बड़ी बढ़ोतरी से कारोबार प्रभावित होगा। कीमत बढ़ने की वजह कीमतों में बढ़ोतरी के पीछे खाड़ी देशों से गैस सप्लाई प्रभावित होना बताया जा रहा है। ईरान और अमेरिका के बीच चल रहे युद्ध के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और गैस की कमी बनी हुई है, जिससे कंपनियां लगातार दरें बढ़ा रही हैं।
