राजस्थान में आंधी-बारिश का दौर जारी है। रविवार को सीकर, दौसा, कोटपूतली-बहरोड़, अलवर और हनुमानगढ़ में तेज आंधी के साथ बारिश हुई। ओले भी गिरे। कई पेड़ धराशायी हो गए। इस दौरान झुग्गी-झोपड़ियां तक उड़ गईं। दौसा जिले के मानपुर में करीब 1 घंटे तक अंधड़ के साथ तेज बारिश और ओले गिरे। जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर मानपुर चौराहे के पास पेड़ टूटकर गिर गया। इसके कारण करीब 40 मिनट तक ट्रैफिक जाम रहा। दौसा के मेहंदीपुर बालाजी क्षेत्र में भी ओले गिरे। जयपुर में हवामहल के सामने पेड़ गिर गया, जिसके कारण ट्रैफिक बाधित हो गया। जैसलमेर जिले में हीटवेव को देखते हुए 8वीं तक के स्कूलों का समय बदला गया है। सीकर जिले के श्रीमाधोपुर कस्बे और आसपास के क्षेत्र में रविवार रात 12:30 बजे तेज अंधड़ के बाद बारिश का दौर शुरू हुआ, जो डेढ़ घंटे तक चला। मौसम के इस बदलाव से प्रदेश के अधिकांश शहरों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने 19 जिलों में आंधी और बारिश का ऑरेंज, 8 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 70KM की स्पीड तक तेज हवाएं चलने की आशंका है। राजस्थान के मौसम से जुड़ी 3 PHOTOS… सबसे ज्यादा गर्म शहर… अपने शहर का तापमान जानिए… झुंझुनूं में सबसे ज्यादा 39MM बारिश पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में सुबह से देर शाम तक बादलों की आवाजाही बनी रही। अलवर, हनुमानगढ़, झुंझुनूं, श्रीगंगानगर, चूरू, भरतपुर, धौलपुर व करौली के क्षेत्रों में हल्के बादल छाए रहे। अलवर और हनुमानगढ़ में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हुई। इससे पहले शनिवार रात से रविवार तड़के तक प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई थी। सबसे अधिक 39MM बरसात झुंझुनूं जिले में हुई थी। पारा 40 डिग्री से नीचे लुढ़का आंधी और बारिश के प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है, जिससे लोगों को सुबह-शाम की गर्मी से राहत मिली। तापमान पर नजर डालें तो डूंगरपुर में पारा सबसे कम 33 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि हनुमानगढ़ में 35.7, फतेहपुर (सीकर) में 37 और सिरोही में 37.7 डिग्री दर्ज हुआ। इसी तरह जालोर, झुंझुनूं, पाली, करौली, दौसा, उदयपुर, सीकर और अलवर जैसे जिलों में भी तापमान 36 से 39.9 डिग्री के बीच रहा। जानिए- कैसा रहेगा मौसम राजस्थान के प्रमुख शहरों का हाल जयपुर : पारा 38.3 डिग्री, दिनभर रही धूप और उमस जयपुर में रविवार को दिनभर धूप खिली रही, लेकिन उमस के प्रभाव से तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम 38.3 और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने जयपुर में आज (सोमवार) तेज आंधी और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उधर, हवामहल के सामने अशोक का पेड़ गिर गया, जिससे सड़क पूरी तरह ब्लॉक हो गई। उदयपुर : 24 घंटे में करीब 2 डिग्री गिरा पारा उदयपुर में रविवार को अधिकतम39और न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों के मुकाबले मौसम में काफी बदलाव आया है। 2 मई को अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस था। 24 घंटे के भीतर अधिकतम तापमान में 1.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान में करीब डेढ़ डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। तापमान में आई इस कमी से स्थानीय लोगों को भीषण गर्मी से मामूली राहत मिली है। अजमेर : 70KM की रफ्तार से आंधी और बारिश के आसार अजमेर में 2 मई के मुकाबले 3 मई को अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। 3 मई को अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि शनिवार को पारा 38.7 डिग्री था। बीते 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 0.9 डिग्री की गिरावट आई है। मौसम विभाग के अनुसार, आंधी-बारिश का यह दौर अगले एक सप्ताह तक जारी रह सकता है। सोमवार को 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने और बारिश होने की संभावना जताई गई है। आगामी दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। कोटा : दोपहर में 42.3 डिग्री पहुंचा पारा कोटा में रविवार को मौसम के अलग-अलग रूप देखने को मिले। 2 मई की देर रात हुई तेज बारिश और आंधी के कारण 3 मई की सुबह मौसम खुशनुमा रहा। लोगों को तपती गर्मी से राहत मिली। दिन चढ़ने के साथ ही धूप तेज हो गई, जिससे अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा, जबकि न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव से कोटा सहित आसपास के क्षेत्रों में धूल भरी आंधी और हल्की बूंदाबांदी का दौर फिर से शुरू हो सकता है। सीकर : आधी रात के बाद झमाझम बारिश सीकर जिले के श्रीमाधोपुर कस्बे और आसपास के क्षेत्र में रविवार रात 12:30 बजे तेज अंधड़ के बाद बारिश का दौर शुरू हुआ। करीब डेढ़ घंटे तक तेज बरसात हुई। इसके बाद बूंदाबांदी होती रही। बारिश के चलते शहर के निचले इलाकों में पानी भर गया। सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे खंडेला बाजार में मुख्य सड़क पर सीवरेज लाइन धंसने से पिकअप पलट गई। उसे जेसीबी की मदद से बाहर निकाला गया। उधर, सीकर में 3 मई को भारी उमस ने लोगों को खासा परेशान किया। पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 2 डिग्री गिरकर 37.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, लेकिन हवा में नमी के कारण गर्मी का अहसास कम नहीं हुआ। 2 मई को पारा 39.0 डिग्री तक पहुंचा था। दिनभर आसमान साफ रहने की वजह से धूप की तेजी बरकरार रही, जिससे उमस और बढ़ गई। हालांकि, शाम होते-होते मौसम ने फिर करवट ली और हल्के बादल छाने लगे। अलवर : कहीं ओलावृष्टि तो कहीं तूफान से भारी तबाही अलवर में 3 मई को मौसम के दो रूप देखने को मिले। दिनभर कड़ी धूप और 40 डिग्री सेल्सियस तापमान के बाद शाम को अचानक मौसम ने करवट ली और चारों तरफ घने बादल छा गए। मालाखेड़ा क्षेत्र के कुशालगढ़ और इंदौक-राड़ी सहित कई गांवों में भारी ओलावृष्टि हुई, जिससे सब्जियों की फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। रामगढ़ के मिलकपुर गांव में आए भीषण तूफान ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। तेज हवाओं के कारण कई बड़े पेड़ धराशायी हो गए और झुग्गी-झोपड़ियां तक उड़ गईं। दौसा : एक घंटे तक अंधड़-बारिश, नेशनल हाईवे जाम दौसा जिले के मानपुर में करीब 1 घंटे तक अंधड़ के साथ बारिश और ओले गिरे। जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर मानपुर चौराहे के पास पेड़ टूटकर गिर गया। इसके कारण करीब 40 मिनट तक ट्रैफिक जाम रहा। अंधड़ के कारण ग्रामीण इलाके में बिजली सप्लाई पूरी तरह ठप हो गई। दौसा के मेहंदीपुर बालाजी क्षेत्र में भी ओले गिरे। हनुमानगढ़ : ओले गिरे, आंधी में कई पेड़ गिरे हनुमानगढ़ के रावतसर में भी ओले गिरे। रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के मिलकपुर गांव में आंधी से कई पेड़ गिर गए। झुग्गी-झोपड़ियां तक उड़ गईं। जोधपुर : दोपहर को सड़कों पर सन्नाटा पसरा
जोधपुर शहर में बीते 2 दिनों से भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। 2 दिन पहले हुई बारिश ने मौसम में थोड़ी ठंडक घोली थी और लोगों को राहत मिली थी। कड़कती धूप के कारण दिन का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है, जिससे दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगा है।
