उदयपुर के ऋषभदेव में सात युवकों ने व्यापारी और उनके बेटे को लात-घूंसों से पीटा। व्यापारी स्कूटी से मार्केट जा रहे थे। आरोपियों की बाइक रास्ते में खड़ी थी। जब व्यापारी ने हटाने को कहा तो आरोपी भड़क गए और धमकी देने लगे। इसके बाद व्यापारी अपनी दुकान पर लौटे तो आरोपी पीछा करते हुए वहां आ गए। उन्होंने व्यापारी को पीटना शुरू कर दिया। पिता को बचाने आए बेटे से भी मारपीट की। घटना शनिवार शाम करीब 4 बजे की है। घटना का सीसीटीवी फुटेज रविवार को सामने आया, जिसमें आरोपी मारपीट करते नजर आ रहे हैं। इस हमले में पिता-पुत्र, दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। बेटे का आरोप है कि पत्थर और हथौड़ों से भी हमला किया गया। ऋषभदेव थानाधिकारी ने हेमंत अहारी बताया- बेटे की रिपोर्ट और सीसीटीवी वीडियो के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले में जांच की जा रही है। मारपीट करने वाले 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रविवार शाम करीब 6 बजे आरोपियों की परेड निकाली। पुलिस थाना से कस्बे के मुख्य मार्गों से होते हुए आरोपियों को घटना स्थल पर ले जाया गया। बेटा बोला- हथौड़ों और पत्थरों से भी किया हमला ऋषभदेव निवासी विजय पंचाल (28) ने पुलिस को रिपोर्ट दी है। विजय ने बताया- मेरे पिता कन्हैयालाल पंचाल (58) स्कूटी लेकर बाजार गए थे। कुछ युवकों ने अपनी बाइक बीच सड़क पर खड़ी कर रखी थी। जब पिता ने उन्हें बाइक साइड में करने के लिए कहा तो वे युवक भड़क गए। उन्हें धमकियां देने लगे। पिता वहां से अपनी दुकान ‘श्री केसरियाजी वेल्डिंग वर्कशॉप’ लौट आए, लेकिन विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ। एक युवक पीछा करते हुए दुकान तक पहुंच गया और गाली-गलौज शुरू कर दी। उसने फोन करके अपने साथियों को भी बुला लिया। कुछ ही देर में 3-4 बाइक पर करीब 7-8 लोग वहां पहुंचे और दुकान के अंदर घुस गए। आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से हथौड़ों और पत्थरों से पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जब मैं उन्हें बचाने आया तो एक आरोपी ने बाइक से मुझे कुचलने की कोशिश की और मेरे साथ भी मारपीट की। जान से मारने की धमकी देकर भागे आरोपी विजय ने बताया- शोर सुनकर जब आसपास के लोग और दुकान के कर्मचारी मदद के लिए दौड़े तो हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग निकले। भागते हुए बदमाशों में से एक की बाइक का नंबर उन्होंने नोट कर लिया। दो भाई समेत सात आरोपी गिरफ्तार थानाधिकारी हेमंत अहारी ने बताया- मारपीट मामले में गिरफ्तार पीपलिया भाउवा निवासी दिलीप (35) और श्रीपाल (33) भाई हैं। इनके अलावा दरी फला कानूवाड़ा के रहने वाले जयंति (26), सुंदर (21), महेश (22), जगदीश (23) और बिलखाई कानूवाड़ा निवासी राहुल (25) को भी अरेस्ट किया है। इनपुट – शुभम जैन, ऋषभदेव।
