अजमेर में पुलिसकर्मी के महिला कॉन्स्टेबल से रेप करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की रिपोर्ट पर पुलिस ने मुख्य आरोपी कॉन्स्टेबल, उसकी पत्नी, भाई, बहन और जीजा के खिलाफ रेप, पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी पुलिसकर्मी की पत्नी, भाई, बहन और जीजा भी पुलिस कॉन्स्टेबल के पद पर कार्यरत हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी की कॉन्स्टेबल पत्नी ने पीड़िता को रोहित गोदारा गैंग से मरवाने की धमकी दी थी। पीड़िता से कहा था कि हमारे खिलाफ कार्रवाई की तो तुझे और तेरे बेटे को मरवा देंगे। महिला ने बच्चे के सामने भी अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि आरोपी कॉन्स्टेबल ने पीड़िता का अबॉर्शन और तलाक भी करवाया। अजमेर एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने मुख्य आरोपी कॉन्स्टेबल को सस्पेंड कर दिया है। दोस्ती कर ब्रेन वॉश किया पीड़िता ने शिकायत में बताया- मैं शादीशुदा थी। अजमेर पोस्टिंग के दौरान एक कॉन्स्टेबल से मुलाकात हुई। उसने अपनी कॉन्स्टेबल बहन से भी मेरी जान-पहचान करवाई। इसके बाद आरोपी ने नजदीकियां बढ़ाकर दोस्ती कर ली। कुछ समय बाद आरोपी ने ब्रेन वॉश करना शुरू कर दिया। मेरे पति और ससुराल वालों के विरुद्ध भड़काने लगा। जूस में नशीला पदार्थ पिलाकर किया रेप पीड़िता ने बताया- आरोपी कॉन्स्टेबल के कहने पर अपनी सेविंग से निवेश करना शुरू कर दिया था। कुछ समय बाद आरोपी ने शादी करने का झांसा दिया, लेकिन मैंने इसका विरोध कर मना कर दिया, क्योंकि आरोपी कॉन्स्टेबल भी पहले से ही शादीशुदा है। कुछ समय बाद आरोपी ने जरूरी काम का बहाना बनाकर अपनी बहन के सरकारी आवास पर मिलने बुलाया, जहां उसका कॉन्स्टेबल जीजा भी मौजूद थे। बाद में जीजा और बहन दोनों वहां से चले गए। तभी आरोपी कॉन्स्टेबल ने मेरे साथ शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की, जिसका मैंने विरोध किया। आरोपी ने जूस में नशीला पदार्थ पिलाकर मेरे साथ रेप किया। इस दौरान आरोपी ने मेरे अश्लील वीडियो भी बना लिए। वह मुझे ब्लैकमेल करने लगा। अबॉर्शन की गोलियां खिलाई, तलाक करवाया पीड़िता ने बताया- आरोपी ने कई दिनों तक ब्लैकमेल किया। उसने अपने कॉन्स्टेबल भाई के सरकारी आवास पर बुलाया और वहां मेरे साथ रेप किया। आरोपी मुझे ब्लैकमेल कर अब तक 28 लाख रुपए और गहने हड़प चुका है। आरोपी ने अपनी बहन, पत्नी और भाई के साथ मिलकर यह पूरा षड्यंत्र रचा था। पीड़िता ने बताया- इस दौरान मैं दो बार प्रेग्नेंट हुई। मुझे जबरन अबॉर्शन की गोलियां खिलाई गईं। आरोपी मेरे बेटे के सामने भी रेप और अश्लील हरकत करता था। आरोपी ने मेरा तलाक करवा भी दिया, लेकिन उसने अपनी पत्नी को तलाक नहीं दिया था।
