राहुल गांधी बोले- देश में लोग अकेले लड़ रहे:संसद से सड़क तक उनके साथ खड़ा हूं; सत्याग्रह पहल शुरू की, लोगों से जुड़ने की अपील
राहुल गांधी ने देशभर में अन्याय और अपने हक के लिए लड़ रहे लोगों की आवाज को एक साथ जोड़ने के लिए सत्याग्रह नाम से एक पहल शुरू की है। राहुल ने कहा कि जो भी लोग अन्याय के खिलाफ लड़ रहे हैं, वे अपनी कहानी भेजें। मैं नेता विपक्ष के रूप में संसद से लेकर सड़क तक आपके साथ खड़ा हूं। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और वोटर लिस्ट के SIR के विरोध में विपक्षी दल, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और लेफ्ट छात्र संगठन प्रदर्शन कर रहे हैं। CJP ने शुक्रवार को मुंबई के शिवाजी पार्क में प्रदर्शन किया। वे 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर जुटेंगे। वहीं, विपक्षी सांसद 6 अक्टूबर को चुनाव आयोग का घेराव करेंगे। राहुल बोले- अकेले लड़ने वालों की आवाज दब जाती है राहुल गांधी ने X पर लिखा- देशभर में लोग अपने हक के लिए लड़ रहे हैं और अक्सर अकेले लड़ रहे हैं। जेन-जी, छात्र, किसान, आदिवासी, दलित, महिलाएं। हर संघर्ष की अपनी कहानी है। पर जो आवाज अकेली उठती है, वो अक्सर दब जाती है। सत्याग्रह इन्हीं आवाजों को एक साथ लाने की पहल है। बापू ने यही सिखाया था - सच सबसे बड़ा हथियार है। पर उससे भी बड़ा हथियार है, एकता में सच के साथ खड़े होना। अगर आप भी किसी अन्याय से लड़ रहे हैं - अपनी कहानी भेजिए। दो मिनट लगेंगे।