लैंडिंग के दौरान प्लेन की टेल जमीन से टकराई:गोरखपुर में पायलट ने दूसरी कोशिश में उतारा; इंडिगो फ्लाइट में 178 लोग सवार थे
गोरखपुर एयरपोर्ट पर बड़ा विमान हादसा होते-होते बचा। यात्रियों से भरे विमान का पिछला हिस्सा लैंडिंग के दौरान रनवे से टकरा गया। इसके बाद पायलट ने लैंडिंग रोककर विमान को दोबारा हवा में ले लिया। कुछ देर बाद ATC से क्लीयरेंस मिलने पर विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। मामला 19 अगस्त का है। दिल्ली से आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 2381 में क्रू मेंबर्स समेत 178 लोग सवार थे। विमान के उतरने के बाद नियमित जांच में पिछले हिस्से में ऑक्जिलरी पावर यूनिट (APU) के पास खरोंच के निशान मिले। विमान को अस्थायी तौर पर सेवा से हटा दिया गया है। फिलहाल इसकी तकनीकी जांच और मरम्मत की जा रही है। एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार, तकनीकी मंजूरी मिलने के बाद ही विमान को दोबारा उड़ान में शामिल किया जाएगा। इंडिगो प्रवक्ता ने कहा- इंडिगो प्रवक्ता ने बताया कि विमान को गो-अराउंड यानी दोबारा हवा में ले जाने का फैसला पूरी तरह सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया था। यात्रियों, क्रू और फ्लाइट की सुरक्षा कंपनी की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। दूसरी फ्लाइट के यात्रियों को करना पड़ा इंतजार इस घटना का असर गोरखपुर से दिल्ली जाने वाली दूसरी फ्लाइट 6E-5013 पर पड़ा। यह फ्लाइट निर्धारित समय से करीब 5 घंटे 30 मिनट की देरी से रवाना हुई। इस दौरान यात्रियों को एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा। इससे कई यात्रियों की कनेक्टिंग फ्लाइट और जरूरी काम प्रभावित हुए। इंडिगो ने इसके लिए वैकल्पिक विमान VT-IBC की व्यवस्था की। यात्रियों को इंतजार के दौरान नाश्ता और भोजन उपलब्ध कराया गया। जिन यात्रियों को तत्काल यात्रा करनी थी, उन्हें वैकल्पिक फ्लाइट के विकल्प दिए गए। अन्य यात्रियों को नियमानुसार रिफंड भी उपलब्ध कराया गया। ———————-
ये खबर भी पढ़ें हेलिकॉप्टर की हवा से सड़क पर बाइक सवार गिरे; बैनर फट गए, टेबल उड़ीं; झांसी में कांवड़ियों पर बरसाए गए थे फूल झांसी में कांवड़ियों पर हेलिकॉप्टर से फूल बरसाने के दौरान अफरा-तफरी मच गई। हेलिकॉप्टर काफी नीचे आने की वजह से उसके पंखों से तेज हवा आने लगी। इससे सड़क पर चल रहे कई राहगीर और बाइक सवार उसकी चपेट में आ गए। पढ़िए पूरी खबर