बांदीकुई से भाजपा विधायक भागचंद टांकड़ा के आरोपों पर दौसा जिला अस्पताल के पीएमओ डॉ. आरके मीणा ने जवाब दिया है। उन्होंने कहा- विधायक ने पिछले एक साल में जिला अस्पताल का कोई दौरा नहीं किया और दूसरों से सुनी-सुनाई बातों पर अव्यवस्था बता रहे हैं। मेरे काम से जनता-अधिकारी दोनों खुश हैं, ये तो राजनेताओं की आपस में टांग खिंचाई है। दिशा मीटिंग न आने को लेकर कहा- अस्पताल में सुविधाएं विकसित करने के लिए लगातार काम कर रहा हूं, लेकिन अब आगे कोई भी मीटिंग होगी तो मरीजों को छोड़कर प्राथमिकता से मीटिंग में शामिल होऊंगा। दरअसल, शुक्रवार को दौसा कलेक्ट्रेट में हुई दिशा बैठक में पीएमओ के नहीं आने पर बीजेपी विधायक भागचंद टांकड़ा भड़क गए थे। विधायक ने कहा था- यह तीसरी बार है, जब दिशा की बैठक में पीएमओ नहीं आए। दौसा अस्पताल पीएमओ की बपौती (प्रॉपर्टी) थोड़े ही है। इसका इलाज तो मैं करवाऊंगा। ओपीडी में बैठते ही नहीं हैं, नेतागिरी करता-फिरता है। उन्हें गलतफहमी है, चश्मा लगा रखा है। नर्सिंग स्टाफ को रुपए लेकर लगाता है। अब पढ़िए कल की घटना को लेकर पीएमओ के जवाब मुझसे जनता-अधिकारी दोनों खुश, ये राजनेताओं की आपसी टांग खिंचाई पीएमओ डॉ. आरके मीणा ने कहा- यह तो पूरी तरह से राजनीतिक मुद्दा और आपसी लड़ाई है। हमारे काम से जनता और अधिकारी दोनों पूरी तरह खुश हैं, जबकि राजनेताओं में तो आपसी टांग खिंचाई है। किसी भी व्यक्ति को अपनी बात कहने की आजादी है, लेकिन मेरे विवेक से जो भी काम कर रहा हूं उसमें मुझे तो करप्शन नजर नहीं आ रहा। फिर भी यदि ऐसी कोई बात है तो जांच करवा लेनी चाहिए, पनिशमेंट मिल जाएगा। विधायक जो बात कह रहे हैं, वह बिल्कुल सही है क्योंकि जिस एनजीओ के माध्यम से कर्मचारी लगे हुए थे उसका टेंडर ही खत्म हो चुका था। ऐसे में जब उस एनजीओ का टेंडर ही नहीं है तो फिर संविदा कर्मी काम कैसे करेंगे। मरीजों को छोड़ मीटिंग में आऊंगा पीएमओ डॉ. आरके मीणा ने कहा- मीटिंग में नोडल ऑफिसर के रूप में डॉ. जमशेद खान पूरी तैयारी के साथ शामिल होकर सवालों के सटीक जवाब भी दिए, लेकिन शोर-शराबा करके सुनने की कोशिश ही नहीं की गई। अभी हीटवेव और मौसमी बीमारियों का प्रकोप है, ऐसे में बंदोबस्त संभालने के लिए ही मीटिंग में नहीं जाकर अस्पताल में मौजूद था। मैं तो सरकार का नौकर हूं और पिछले लंबे टाइम से यहां काम कर रहा हूं, एक साल से ही पीएमओ बना हूं। सुविधाएं विकसित करने के लिए काम कर रहा हूं। आगे मीटिंग होगी तो मरीजों को छोड़ कर मीटिंग में शामिल हो जाऊंगा। 17 साल में जो देखा, उससे ज्यादा 1 साल में करवा दिया वहीं अस्पताल में नेताओं की फोटो लगे होने के सवाल पर पीएमओ ने कहा- इमरजेंसी व ट्रॉमा यूनिट के नए भवन का उद्घाटन कृषि मंत्री डॉ. किरोडीलाल मीणा ने किया था, उस वक्त से ही होर्डिंग लगे हुए हैं। जबकि दिशा की मीटिंग में कार्रवाई के लिए राज्य सरकार को पत्र लिखने के सवाल पर कहा कि पीएमओ ने कहा कि मैंने पिछले 17 साल में जो यहां देखा, उससे ज्यादा एक साल में काम करवा दिया है। मेरा प्रयास है कि गंभीर बीमारियों के मरीजों को रेफर करने की बजाय यहीं इलाज मिले। वहीं कार्रवाई के सवाल पर कहा कि यदि हमने कोई गलती की होगी तो एक्शन भी हो जाएगा। पढ़ें विवाद से जुड़ी ये खबर भी… बीजेपी विधायक बोले- PMO नेतागिरी करता फिरता है:मैंने अच्छे-अच्छों के फूल उतार और चढ़ा दिए, इसका इलाज तो मैं करवाऊंगा बांदीकुई से भाजपा विधायक भागचंद टांकड़ा ने जिला अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी (PMO) पर लापरवाही और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। (पढ़ें पूरी खबर)
