जसरासर क्षेत्र के उड़सर गांव में 19 साल के युवक ने सौतेले पिता की प्रताड़ना से परेशान होकर पानी के कुंड में कूदकर जान दे दी। इस घटना में युवक की मौत हो गई है। मृतक के नाना बिजाराम ने सौतेले पिता कैलाश के खिलाफ जसरासर पुलिस थाने में मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। बिजाराम की बेटी ने 13 साल पहले नागौर के राजोद निवासी कैलाश से दूसरी शादी की थी। इसके बाद उनका नाती महेंद्र भी सौतेले पिता के साथ रहने लगा। आरोप है कि कैलाश लंबे समय से सौतेले बेटे को प्रताड़ित और मारपीट करता था। 26 मई को महेंद्र उड़सर आया और अपने नाना को प्रताड़ना के बारे में बताया। इसके बाद वह काफी परेशान था। शाम करीब 7 बजे उसने डर के कारण पानी के कुंड में छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि युवक लंबे समय से सौतेले पिता की प्रताड़ना से परेशान था, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
