जयपुर नॉर्थ पुलिस ने हॉस्पिटल के संचालक के साथ मारपीट करने के मामले में उस महिला को गिरफ्तार किया है, जिसने पूर्व में हॉस्पिटल संचालक पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने महिला की बहन और मां को भी गिरफ्तार किया है। आरोप है कि तीनों महिलाएं दोबारा पैसों की मांग को लेकर अस्पताल पहुंची थीं। पैसे देने से इनकार करने पर संचालक के साथ मारपीट की। डीसीपी नॉर्थ करण शर्मा ने बताया कि 28 अप्रैल की घटना के संबंध में पीड़ित ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। इस पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। मारपीट के आरोप में गिरफ्तार पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी महिलाएं हॉस्पिटल में नर्सिंग स्टाफ के रूप में कार्यरत थी। साल 2023 में उसने हॉस्पिटल संचालक के खिलाफ थाना सिंधी कैंप में दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करवाया था। पुलिस के अनुसार बाद में राजीनामे के दौरान पैसे लेकर उसने अपने बयान बदल दिए थे। आरोप है कि 28 अप्रैल को महिलाएं पैसे की मांग को लेकर अस्पताल पहुंची। जब संचालक ने पैसे देने से इनकार किया तो तीनों महिलाएं उसके निजी ऑफिस में घुस गईं और लात-घूंसों व चप्पलों से मारपीट कर दी। घटना में संचालक घायल हो गया। डीसीपी करण शर्मा ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने कार्रवाई करते हुए तीनों महिलाओं को गिरफ्तार किया।
