बांसवाड़ा में पति ने सरिए से हमला कर पत्नी का सिर फोड़ दिया। महिला को तड़पते हुए छोड़कर आरोपी फरार हो गया, जिसे बाद में पुलिस ने डिटेन कर लिया। दोनों के बीच लंबे समय से प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा था। गुरुवार सुबह जमीन अपने नाम कराने की बात पर हुए झगड़ा हुआ था। इस दौरान बर्तन साफ करते समय आरोपी ने गुस्से में पीछे से आकर पत्नी पर लोहे के सरिये से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसा कोतवाली थाना क्षेत्र के नबीपुरा इलाके में गुरुवार सुबह करीब 7.30 बजे हुआ। सिलसिलेवार पढ़िए, पूरा घटनाक्रम … 1. जमीन अपने नाम कराने का बना दबाव कोतवाली थाने के एएसआई चंद्रवीर सिंह ने बताया – इतरी मईड़ा (32) का पीहर सुरपुर ढाणी (बांसवाड़ा) में है। शादी नबीपुरा (बांसवाड़ा) निवासी सूरज पुत्र धनजी मईड़ा से हुई थी। कुछ समय पहले सुरपुर ढाणी में एक जमीन खरीदी गई थी, जो पत्नी के नाम पर रजिस्टर्ड थी। आरोपी पति लगातार उस जमीन को अपने नाम करवाने का दबाव बना रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। 2. सुबह विवाद के बाद सरिए से किया हमला आरोपी सूरज के बड़े भाई बड़े भाई गौतम ने बताया- गुरुवार सुबह करीब 7.30 बजे पति-पत्नी घर पर ही मौजूद थे। इसी दौरान जमीन के नामांतरण को लेकर दोनों के बीच फिर से कहासुनी शुरू हो गई। इस दौरान इतरी बर्तन साफ कर रही थी। तभी गुस्से में आए सूरज ने घर में रखा लोहे का सरिया उठाकर पत्नी के सिर पर हमला कर दिया। हमला इतना जोरदार था कि महिला खून से लथपथ होकर मौके पर ही गिर पड़ी। वारदात के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। 3. महिला को ऑटो में लेकर पहुंचे हॉस्पिटल आरोपी के भाई गौतम ने बताया- घर से चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचा। गंभीर रूप से घायल इतरी को संभाला और तुरंत ऑटो में डालकर जिला हॉस्पिटल पहुंचाया। हालांकि, हॉस्पिटल पहुंचने तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। 4. पुलिस ने आरोपी पति को किया डिटेन कोतवाली थानाधिकारी बुधाराम बिशनोई बताया- घटना के बाद फरार आरोपी पति सूरज मईड़ा को राउंडअप कर लिया। मृतका के शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। पुलिस ने बताया कि पीहर पक्ष और परिजनों की रिपोर्ट मिलने के बाद पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। मृतका सूरज मईड़ा के तीन बेटे हैं। आरोपी सूरज मईड़ा पेंट और पुताई का काम करता है।
