कोटा में रिटायर्ड फौजी की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। पत्नी समेत ससुराल पक्ष दाह संस्कार की तैयारी में जुटे थे। पड़ोसी की सूचना पर पहुंचे पिता ने बहू पर बेटे की हत्या करने का आरोप लगाया। रिटायर्ड फौजी के गले पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस का कहना है कि चोट के निशान देखने पर लगता है कि उसने मरने से पहले काफी संघर्ष किया है। घटना आरकेपुरम थाना क्षेत्र के आवली रोझड़ी की गुरुवार देर रात 12 से 3 बजे की बीच की है। मृतक मनोज कुमार के पिता ने बहू समेत दो अन्य लोगों पर हत्या करने का शक जताया है, उन्होंने कहा कि मनोज और उसकी पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता था। पत्नी और बच्चों के साथ कोटा में रह रहा था पुलिस ने बताया कि मृतक मनोज कुमार (45) मूलरूप से किशनगढ़ (अजमेर) का रहने वाला था, मनोज आर्मी में क्लर्क की पोस्ट से रिटायर्ड था। पिछले 5 साल से पत्नी, 14 साल के बेटे और 12 साल की बेटी के साथ कोटा के आवली रोझड़ी में रह रहा था। मनोज पिछले 4 महीने से अजमेर बिजली विभाग में बाबू का काम कर रहा था। वह किशनगढ़ से अजमेर अप डाउन करता था। 10 दिन पहले ही किशनगढ़ से कोटा आया था। मनोज की कोटा में ससुराल है। गुरुवार रात मनोज की संदिग्ध परिस्थियों में मौत हो गई। शुक्रवार सुबह पत्नी और ससुराल पक्ष वाले पुलिस को बिना बताए ही दाह संस्कार की तैयारी कर रहे थे। मोहल्ले वालों ने मृतक के परिजनों को बुलाने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद पड़ोसी ने मृतक मनोज के पिता बृजमोहन को सूचना दी। इस पर पिता कोटा पहुंचे देखा तो मनोज के गले पर चोट के निशान थे। गला घोंटकर हत्या की गई थी। इस पर पुलिस को सूचना दी। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी, FSL, MOB की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया। आरकेपुरम थाना ASI बृजराज सिंह ने बताया कि शुक्रवार को दोपहर 1 बजे सूचना मिली थी कि आवली रोझड़ी मोहल्ले में मकान में मनोज शर्मा मृत पड़ा है। सूचना के बाद मौके पर गए। मनोज के पिता बृजमोहन ने शिकायत देकर पत्नी और दो अन्य पर हत्या का आरोप लगाया। ASI बृजराज सिंह ने बताया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता था। घटना रात के समय हुई, उस समय पत्नी और बच्चे घर में मौजूद थे। सुबह पत्नी और घर में मौजूद ससुराल पक्ष के लोग दाह संस्कार की तैयारी कर रहे थे। पड़ोसियों ने रोका और मृतक के परिजनों को सूचना दी। शनिवार को मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा। पत्नी और मौके पर मौजूद लोगों ने घटना को छुपाया आरकेपुरम थाना SHO सिद्धार्थ वास्तव (IPS ट्रेनी ) ने बताया कि सम्भवतया घटना रात 12 से 3 बजे के बीच हुई है। पत्नी और मौके पर मौजूद परिजनों ने घटना को छुपाया और पुलिस को सूचना नहीं दी। बाद में मृतक के पिता ने कोटा पहुंचकर शिकायत दी है। पुलिस मामले की जांच की जा रही है।
