सीकर के खाटूश्यामजी में बदमाशों ने गेस्ट हाउस में घुसकर तोड़फोड़ की और कर्मचारियों को पीटा। कर्मचारी पहले मारपीट करने वाले लोगों के गेस्ट हाउस पर काम करते थे। इसके बाद श्रीकृष्णम गेस्ट हाउस पर आ गए। इससे नाराज आरोपियों ने गेस्ट हाउस में घुसकर कर्मचारियों से मारपीट की। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें 8-10 लोग गजराज और समीर के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। घटना सोमवार सुबह 5:23 बजे की है। मारपीट करने वाले भी गेस्ट हाउस चलाते हैं। श्रीकृष्णम गेस्ट हाउस के मालिक ने कहा- बदमाशों ने जाते समय धमकी दी कि पुलिस को बताया तो गेस्ट हाउस नहीं चलाने देंगे। खाटूश्यामजी थाना SHO पवन कुमार चौबे ने बताया- गेस्ट हाउस के कर्मचारी ने मारपीट का मामला दर्ज करवाया है। इसके बाद शाम को तीन आरोपियों को हिरासत में लिया। वहीं बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पहले देखें घटना की फोटोज… गेस्ट हाउस चलाने वालों में आपसी विवाद हरफूल बिजारणियां ने बताया- मेरा दांतारामगढ़ रोड पर श्रीकृष्णम गेस्ट हाउस है। आज सुबह 5:23 बजे सुनील शर्मा, दीपेंद्र जालपानी चौधरी, करण सिंह, जीतू बुरड़क, हरीश, परीक्षित, गोपाल शर्मा, अंकित पूनियां सहित 10 लोग एक कैंपर गाड़ी में सवार होकर आए। ये सभी प्रभात पैलेस, श्याम बाबा पैलेस और युवराज गेस्ट हाउस चलाते हैं। आरोपियों ने गेस्ट हाउस में बैठे गजराज और समीर के साथ लाठी-सरियों से मारपीट की। दोनों को जान से मारने की धमकी दी और जातिसूचक गालियां दी। गजराज के गले में पहनी सोने की चेन ले ली। मोबाइल, लैपटॉप, गल्ले में पड़ी नकदी भी साथ ले गए। ऑफिस में तोड़फोड़ भी की। पुलिस ने 3 आरोपी किए गिरफ्तार, गेस्ट हाउस सील ‘श्रीकृष्णम गेस्ट हाउस’ में हुई तोड़फोड़ और कर्मचारी से मारपीट की घटना के बाद पुलिस ने शाम को तीन आरोपियों को हिरासत में लिया। वहीं बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। सीकर एसपी प्रवीण नायक नूनावत के निर्देश पर पुलिस ने टीम बनाई। पुलिस उपाधीक्षक आनंद राव के नेतृत्व में टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की। साथ ही नगरपालिका प्रशासन ने हमला करने वालों के गेस्ट हाउसों के खिलाफ सील की कार्रवाई की। सीकर एसपी प्रवीण नायक नूनावत ने बताया- फिलहाल मौके पर शांति कायम है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
