अलवर के सरस डेयरी में डेयरी डायरेक्टर शिवलाल मीणा ने कचरे के एक ट्रक को रोककर आरोप लगाए। मीणा ने कहा- डेयरी प्रबंधन ने केवल 30 हजार रुपए में कचरा और कबाड़ निकालने का ठेका दिया था। वहीं इस आड़ में बड़े स्तर पर गड़बड़ी की जा रही है। उनका आरोप है कि डेयरी के एमडी उमाशंकर की मिलीभगत से करीब 10 लाख रुपए का लोहा और कंप्रेसर मोटर चोरी करके ट्रकों के जरिए बाहर भेजा जा रहा था। हालांकि बाद में डेयरी चेयरमैन नितिन सांगवान ने आपसी गलतफहमी में गलत सूचना फैल गई। ट्रक में कचरा ही जा रहा था। यह जांच करने पर सामने आया है। मीणा के अनुसार- एक ट्रक पहले ही डेयरी से निकल चुका था। इसमें करीब 5 लाख रुपए का सामान चोरी कर बाहर भेज दिया गया। वहीं दूसरी गाड़ी को उन्होंने मौके पर ही रुकवा लिया। इसके बाद मामला और गरमा गया और डायरेक्टर मीणा सीधे एमडी उमाशंकर के चैंबर में पहुंच गए। वहां पूर्व चेयरमैन के पीए सौरभ गौड़ भी मौजूद थे। गौड़ पहले निलंबित हो चुके थे, लेकिन बाद में बहाल हो गए थे। चैंबर में पहुंचते ही शिवलाल मीणा ने हंगामा करते हुए सौरभ गौड़ को बाहर जाने के लिए कहा। इस दौरान एमडी और मीणा के बीच तीखी बहस हो गई। जब सौरभ बाहर जाने लगे तो एमडी ने उन्हें रोकते हुए कहा कि “एमडी मैं हूं या शिवराम मीणा”, जिसके बाद सौरभ गौड़ को फिर से बैठा लिया। इस पर मीणा ने एमडी और सौरभ दोनों पर चोरी में शामिल होने के आरोप लगाए। गाड़ी की जांच की मांग की डेयरी डायरेक्टर शिवलाल मीणा ने मौके पर खड़ी गाड़ी की जांच कराने की मांग की, लेकिन एमडी ने कहा- जब चेयरमैन आएंगे, तभी गाड़ी की चेकिंग होगी। इस पर मीणा और ज्यादा भड़क गए और आरोप लगाया कि चेयरमैन के जयपुर जाने का फायदा उठाकर यह सब खेल खेला जा रहा है। आधे घंटे चला हंगामा करीब आधे घंटे तक डेयरी परिसर में जमकर हंगामा चलता रहा। इस दौरान डेयरी डायरेक्टर शिवलाल मीणा गेट पर तैनात गार्ड से भी बहस करते नजर आए और सवाल उठाया कि बिना जांच किए गाड़ियों को बाहर कैसे जाने दिया जा रहा है। बाद में शिवलाल मीणा ने चेयरमैन नितिन सांगवान से फोन पर बात की। इस पर उन्होंने आश्वासन दिया कि वह खुद मौके पर आकर गाड़ी की जांच करवाएंगे। इसके बाद मीणा मौके पर ही डटे रहे और कहा कि बिना जांच के गाड़ी को बाहर नहीं जाने देंगे और किसी भी हालत में चोरी नहीं होने देंगे।
