अलवर में टहला थाना क्षेत्र के सरिस्का टाइगर रिजर्व में अवैध खनन माफिया ने पुलिस, वन एवं खनन विभाग की टीम पर हमला किया और दो वाहनों के शीशे तोड़ दिए। हमले में दो पुलिस कॉन्स्टेबल घायल हो गए। घटना बलदेवगढ़ गांव में गुरुवार दोपहर करीब 3.15 बजे की है। हमलावरों में महिलाएं भी थी शामिल टहला थाने के एएसआई भौरलाल ने बताया कि आज रिपोर्ट दर्ज की गई है। हमलावर सीताराम गुर्जर, बाबूलाल, अशोक, महेंद्र, लेखराज, सीताराम, रामाकांत, सुरेश, हिमांशु गुर्जर, कमोद, रामौती, भोली, मनभरी व इंदिरा निवासी निवासी बलदेवगढ़ के खिलाफ राजकार्य में बाधा, मारपीट और अवैध खनन करने का मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच थानाधिकारी मुकेश कुमार मीणा कर रहे हैं। वीडियोग्राफी करने 15-20 लोगों ने किया हमला एएसआई ने बताया कि संयुक्त टीम सरिस्का के क्रिटिकल टाइगर हैबिटेट (सीटीएच) में अवैध खनन की सूचना पर पहुंची थी। बलदेवगढ़ क्षेत्र में चौमुखा भैरव मंदिर के पास टीम ने लाइम स्टोन और मार्बल से लदी दो ट्रैक्टर-ट्रॉली रुकवाने की कोशिश की। इस पर रमाकांत और लेखराज गुर्जर नाम के दो ड्राइवर ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर भाग गए। पुलिस टीम जब्ती की वीडियोग्राफी कर रही थी। उस दौरान करीब 15-20 लोग पहुंचे और लाठी-डंडों व पत्थरों से हमला कर दिया। आरोपियों ने पुलिस की सरकारी बोलेरो वाहन पर पथराव कर तोड़ दिए। हमले में कॉन्स्टेबल राकेश कुमार और आशीष कुमार घायल हो गए। ट्रैक्टर व ट्रॉलियों के टायरों की निकाली हवा खनन माफिया ने ट्रैक्टर व ट्रॉलियों के टायरों की हवा निकाल दी। इसके बाद ट्रॉलियों को डंपर की मदद से पलटकर अवैध खनिज मौके पर ही खाली कर दिया। ताकि सबूत नष्ट किए जा सकें। हालांकि इसके बाद भी पुलिस ने एक जेसीबी मशीन, दो ट्रेक्टर-ट्रॉली व एक कंप्रेसर ड्रिलिंग मशीन जब्त की ली।
