राजस्थान सरकार ने पुलिस महकमे में फेरबदल करते हुए मंगलवार आधी रात को 17 IPS के तबादले किए हैं। एक APO IPS को पोस्टिंग दी है, जबकि एक को अतिरिक्त चार्ज दिया गया है। इस फेरबदल में 7 जिलों के SP बदले गए हैं। इसमें चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, डीडवाना-कुचामन, नागौर, टोंक, भरतपुर, दौसा शामिल है। हरेंद्र कुमार महावर को कोटा रेंज का IG बनाया गया है। मनीष त्रिपाठी का एसपी चित्तौड़गढ़ से तबादला एसपी एटीएस जयपुर के पद पर हुआ है। धर्मेंद्र सिंह अब चित्तौड़गढ़ के नए एसपी होंगे। धर्मेंद्र सिंह का भीलवाड़ा एसपी से चित्तौड़गढ़ एसपी के पद पर तबादला किया गया है। उनकी जगह अब सागर भीलवाड़ा के एसपी होंगे। इससे पहले सागर दौसा के एसपी थे। एटीएस में एसपी ज्ञानचंद्र यादव अब डीडवाना-कुचामन के एसपी होंगे। डीडवाना-कुचामन एसपी रिचा तोमर को दिल्ली में आरएसी की 11वीं बटालियन के कमांडेंट के पद पर भेजा गया है। राजेश कुमार मीणा को एसपी टोंक से एसपी भरतपुर और पीयूष दीक्षित को एसपी, एसीबी जयपुर से एसपी दौसा के पद पर लगाया है। सागर को एसपी दौसा से एसपी भीलवाड़ा, रोशन मीणा को एसपी नागौर से एसपी टोंक के पद पर तबादला किया गया है। सीआईडी सीबी में आईजी हरेंद्र कुमार महावर अब कोटा रेंज के आईजी होंगे। कोटा रेंज में आईजी का पद खाली था। लता मनोज कुमार होंगी एडीजी कम्युनिटी पुलिसिंग लता मनोज कुमार को एडीजी सिविल राइट्स, एन्टी ह्यूमन ट्रैफिकिंग एंड कम्युनिटी पुलिसिंग, जयपुर से एडीजी कम्युनिटी पुलिसिंग और जन अभियोग के पद पर लगाया गया है। केंद्रीय डेपुटेशन से लौटने के बाद एपीओ चल रहीं केबी वंदना को आईजी सीआईडी (क्राइम ब्रांच) जयपुर के पद पर पोस्टिंग मिली है। केबी वंदना 29 अप्रैल को ही डेपुटेशन से लौटी हैं। कालूराम रावत आईजी टेलीकम्युनिकेशन
परम ज्योति को आईजी क्राइम, पुलिस मुख्यालय से आईजी आरएसी जयपुर और कालूराम रावत को आईजी सिविल राइट्स एण्ड एन्टी ह्यूमन ट्रैफिकिंग से आईजी टेलिकम्युनिकेशन के पद पर तबादला किया गया है। रावत पिछले दिनों गैर हाजिर रहने को लेकर चर्चा में रहे थे। पुलिस की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग ब्रांच के आईजी कालूराम रावत ड्यूटी से साढ़े तीन माह से ‘गायब’ थे। तैनाती के बाद उन्होंने यहां पर जॉइन ही नहीं किया था। रावत ने जनवरी में अपने अधिकारी को एक दिन नहीं आने का मैसेज किया था, जिसके बाद पुलिस मुख्यालय को उनके बारे में कोई खबर नहीं थी। अचानक चर्चा बढ़ने के बाद पुलिस मुख्यालय ने उनको रिकॉल नोटिस जारी किया था। दो महीने में ही ट्रांसफर हुआ दो आईपीएस के तीन महीने में और एक का दो महीने में फिर तबादला किया गया है। कालूराम रावत और हरेंद्र महावर के 23 फरवरी को तबादले हुए थे। पीयूष दीक्षित को 19 मार्च को एसीबी में एसपी के पद पर लगाया गया था। दो महीने बाद उनको दौसा एसपी बनाया गया है। भूवन भूषण यादव को एसीबी से एसओजी में भेजा श्वेता धनखड़ को डीआईजी सिविल राइट्स, पुलिस मुख्यालय, जयपुर से डीआईजी, आरएसी, जयपुर के पद पर पोस्टिंग मिली है। एसीबी बीकानेर में डीआईजी भुवन भूषण यादव का तबादला डीआईजी, एसओजी जयपुर के पद पर किया गया है। सौंकरिया एसीबी में एसपी होंगे गोरधन लाल सौंकरिया का तबादला एसपी, कानून व्यवस्था, पुलिस मुख्यालय से एसपी, एसीबी जयपुर के पद पर किया गया है। आशिमा वासवानी को एसपी मावली से एएसपी भरतपुर शहर के पद पर लगाया गया है। हवा सिंह घुमरिया को अतिरिक्त चार्ज एडीजी पुलिस मुख्यालय हवा सिंह घुमरिया को एडीजी सिविल राइट्स एंड एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग का अतिरिक्त चार्ज दिया गया है।
