बांसवाड़ा में गुरुवार देर रात निर्माणाधीन पुलिया से बाइक टकराने पर दो युवकों की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि एक युवक के हाथ को चीरता हुआ लोहे का सरिया उसके पैर में जा घुसा, जबकि दूसरे युवक के सिर में गंभीर चोट आई। दोनों युवक एक रिश्तेदार के यहां आयोजित नोतरा कार्यक्रम से लौट रहे थे। गंभीर हालत में दोनों को एमजी हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। यह मामला सदर थाना क्षेत्र में तलवाड़ा हवाई पट्टी के पास का है। निर्माणाधीन पुलिया से टकराई तेज रफ्तार बाइक सदर थाने के एएसआई दशरथ सिंह ने बताया कि हादसा गुरुवार रात करीब 11 बजे हुआ। तलवाड़ा हवाई पट्टी के पास सड़क पर निर्माणाधीन पुलिया का काम चल रहा था। देर रात अंधेरा होने और बाइक तेज रफ्तार में होने से बाइक बेकाबू हो गई और सीधे निर्माणाधीन पुलिया से टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलने पर एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची। सरिया हाथ चीरते हुए पैर में घुसा सदर थाने के एएसआई दशरथ सिंह ने बताया कि मौके पर पहुंचे ईएमटी ने देखा कि एक युवक की हालत बेहद गंभीर थी। हादसे में 25 साल के हरीश के हाथ को चीरते हुए पुलिया निर्माण में इस्तेमाल लोहे का सरिया उसके पैर में धंस गया था। वहीं दूसरे युवक राहुल (26) के सिर में गंभीर चोट लगी थी। एंबुलेंस कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को संभाला और रात करीब सवा 12 बजे महात्मा गांधी (एमजी) हॉस्पिटल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान दोनों युवकों ने दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान राहुल पुत्र वालु और हरीश पुत्र कालिया निवासी नया तालाब गांव, थाना गढ़ी के रूप में हुई है। रिश्तेदार के यहां से लौट रहे थे घर परिजनों ने बताया कि दोनों युवक अपने रिश्तेदार के यहां आयोजित नोतरा कार्यक्रम में शामिल होने गए थे और देर रात बाइक से गांव लौट रहे थे। अंधेरे में नहीं दिखी निर्माणाधीन पुलिया पुलिस के अनुसार अंधेरा होने के कारण निर्माणाधीन पुलिया दिखाई नहीं देने को हादसे की वजह माना जा रहा है। हादसे के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। दोनों शवों को जिला हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। एएसआई दशरथ सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह परिजनों की रिपोर्ट के बाद पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।
