एएसआई (ASI) ने थाने की मेस में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उनकी पहचान विष्णु कुमार के रूप में हुई है। चौंकाने वाली बात यह है कि आत्महत्या से कुछ घंटे पहले तक वे पूरी तरह सामान्य थे और अन्य पुलिसकर्मियों के साथ बैठकर खाना खाया था।
फिलहाल सुसाइड के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। मामला भीलवाड़ा जिला मुख्यालय से करीब 30 किमी दूर कारोई थाने के मेस का है। रात में सबकुछ सामान्य था जानकारी के अनुसार, एएसआई विष्णु कुमार शुक्रवार रात करीब 10 बजे तक थाने में ही अन्य साथियों के साथ मौजूद थे। उन्होंने वहां हंसी-मजाक किया और साथ में डिनर भी किया। इसके बाद वे अपने क्वार्टर चले गए। पुलिस का अनुमान है कि आधी रात के बाद वे चुपचाप क्वार्टर से निकलकर थाने की मेस में पहुंचे और वहां फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। सुबह 8:30 बजे चला पता शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे जब पुलिस के जवान मेस में चाय-नाश्ते के लिए पहुंचे, तो होश उड़ गए। विष्णु कुमार का शव फंदे से लटका हुआ था। जवानों ने तुरंत इसकी सूचना थाना प्रभारी और उच्चाधिकारियों को दी। कुछ ही देर में वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। जांच में जुटी पुलिस पुलिस ने एफएसएल (FSL) टीम को भी मौके पर बुलाया है ताकि सबूत जुटाए जा सकें। शव को फंदे से उतारकर जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है।
पुलिस ने उनके परिवार को सूचित कर दिया है, जिनके पहुंचने के बाद पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है- घटना बेहद दुखद है। विष्णु कुमार एक कर्मठ अधिकारी थे। रात तक वे सामान्य थे, अचानक ऐसा क्यों हुआ, इसकी गहनता से जांच की जा रही है।
