राजस्थान में ‘जनगणना 2027’ की प्रक्रिया शुक्रवार से प्रदेश भर में शुरू हुई। शुरुआत राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, स्पीकर वासुदेव देवनानी, सीएम भजनलाल शर्मा और मुख्य सचिव वी श्रीनिवास ने की। शाम तक करीब एक लाख लोगों ने स्व-गणना फार्म ऑनलाइन भरे। सुबह लोक भवन में राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने स्व-गणना फार्म भरकर शुरुआत की। बागडे, सीएम, स्पीकर और सीएस आदि सभी ने कहा-हमने फार्म भर दिया। आप भी भरें। 15 मई तक वेब पोर्टल पर सुविधा: जनगणना निदेशक विष्णु चरण मलिक ने बताया कि घर-घर जनगणना सर्वेक्षण से पहले नागरिक 1 से 15 मई तक वेब पोर्टल पर स्व-गणना सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। अपने मोबाइल नंबर और आवश्यक विवरण का उपयोग करके पोर्टल https://se.census.gov.in पर लॉगइन कर अपने और अपने परिवार के बारे में जानकारी डिजिटल रूप से जमा कर सकते हैं। इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव डॉ. पृथ्वी भी उपस्थित रहे। राज्यपाल बोले-उपयोगकर्ता के अनुकूल है प्रक्रिया
बागड़े ने आम जन से जनगणना के महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय रूप से भाग लेने और स्व-गणना के माध्यम से सटीक और पूर्ण जानकारी प्रदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा जनगणना वेब पोर्टल को सरल और उपयोगकर्ता के अनुकूल बनाया गया है, जिससे नागरिक बिना किसी कठिनाई के अपना विवरण भर सकेंगे। स्पीकर डॉ. वासुदेव देवनानी, सीएम भजनलाल शर्मा और सीएस वी श्रीनिवास ने भी डिजिटल जनगणना-2027 की प्रक्रिया के तहत स्व-गणना की। जनता से अपील की, जनगणना में प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।
